पुलिस ने शिमला शहर और ठियोग में कार्रवाई कर दो युवकों को 11 ग्राम से अधिक चिट्टे के साथ पकड़ा है। ठियोग में चिट्टे की सप्लाई लेकर जा रहे एक युवक को पुलिस ने रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस को सूचना मिली थी कि ठियोग के मतियाना क्षेत्र का एक युवक चिट्टे की तस्करी का काम कर रहा है।
यह चिट्टे की खरीद फरोख्त करता है और वीरवार को भी बैग में चिट्टा लेकर रवाना हुआ है। पुलिस की टीम ने नाकेबंदी की और इसे रंगे हाथ पकड़ लिया। आरोपी नैनी से मतियाना की ओर पैदल जा रहा था। इसी दौरान नाके पर तैनात पुलिस ने इसे रोक लिया। पूछताछ और तलाशी के दौरान इसके बैग से 9.140 चिट्टा बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी मोहिंद्र ठाकुर मतियाना क्षेत्र का रहने वाला है। पुलिस ने इसे गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है। इसने किससे यह चिट्टा खरीदा था और किसे सप्लाई देने जा रहा था, इसका पता किया जा रहा है।
वहीं शिमला शहर के मालरोड क्षेत्र में भी पुलिस ने एक युवक को 2.010 ग्राम चिट्टे के साथ पकड़ा है। आरोपी वीरवार शाम पीएनटी काॅलोनी के पास पैदल जा रहा था। यहां गश्त पर तैनात पुलिस टीम को देखकर वह डर गया और भागने लगा। पुलिस टीम ने इसे पकड़ लिया और तलाशी के दौरान इसके हाथ में पकड़े बैग से चिट्टा बरामद किया गया। आरोपी मनीश कुमार कृष्णानगर में रहता है। मूलत: यह यूपी का रहने वाला बताया जा रहा है। फिलहाल आरोपी को नोटिस पर छोड़ दिया है। मामले की जांच जारी है।