शिमला। राजधानी के लिफ्ट के पास शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे लोक निर्माण विभाग ने टेढ़े हो चुके दो पेड़ों को काटा। इस दौरान दोनों ओर से करीब आधे घंटे तक यातायात रोका गया जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। स्कूल छुट्टी के समय किए गए इस कार्य के कारण कार्ट रोड पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। दो पेड़ों को काटने के बाद विभाग ने एक अन्य खनूर के पेड़ को यातायात कम होने के बाद शाम के समय काटने का निर्णय लिया। इसी स्थान पर डबल लेन पुल का निर्माण कार्य पूरा होने के बाद अंडरपास भी बनाया जाना है। यहां की गई खोदाई के कारण अधिक बारिश होने पर शुक्रवार सुबह पेड़ों के पास हल्का भूस्खलन शुरू हो गया था।
विज्ञापन
लोक निर्माण विभाग डिविजन-3 के सहायक अभियंता प्रदीप बाली और कनिष्ठ अभियंता रजनीश ने बताया कि पेड़ों के गिरने का खतरा पैदा हो गया था जिससे सड़क पर चलने वाले लोगों और वाहनों को नुकसान पहुंच सकता था। इसी वजह से इन खतरनाक पेड़ों को काटने का फैसला लिया गया और इन्हें तुरंत हटा दिया। उन्होंने बताया कि निर्माण की जद में आने वाले इन पेड़ों को काटने की अनुमति वन विभाग से पहले ही ले ली थी। यहां से पेड़ काटे गए हैं, वहीं से लिफ्ट परिसर के गेट से लेकर लिफ्ट पार्किंग तक अंडरपास बनाया जाना है।