पंजाब से आए चार मीडिया कर्मियों में तीन कांगड़ा जिले के बताए जा रहे हैं। इनमें सूचना छिपाने पर जवाली उपमंडल के कोरोना पॉजिटिव और पालमपुर उपमंडल के युवक पर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है। अगर इनकी वजह से किसी की कोरोना संक्रमण से मौत होती है तो इनके खिलाफ हत्या का केस दर्ज होगा। पालमपुर उपमंडल और शाहपुर उपमंडल के युवकों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। वहीं जवाली और चुवाड़ी उपमंडल को हॉटस्पॉट क्षेत्र में लाया जा सकता है।
प्रदेश में अभी तक 5875 लोगों को निगरानी में रखा जा चुका है, जिनमें से 4036 लोगों ने 28 दिन की निगरानी की अनिवार्य अवधि पूरी कर ली है। प्रदेश में अब तक 1426 लोगों की जांच की जा चुकी है, जिनमें से 35 व्यक्तिओं में इस संक्रमण की पुष्टि हो चुकी है। प्रदेश में 12 मरीज ठीक हो गए हैं जबकि 18 अस्पताल में हैं। चार लोग बाहर चले गए हैं, जबकि एक की मौत हो चुकी है। बुधवार को 115 लोगों के सैंपलों लिए गए हैं।