जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति के मेह नाले में मंगलवार रात को एक कार हादसे का शिकार हो गई है। हादसे में कार में सवार दो लोगों की मौत हो गई है। कार सड़क से करीब 300 मीटर नीचे गहरी खाई में जा गिर गई थी। पुलिस ने मामला दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार मंगलवार रात करीब 11:00 बजे केलांग पुलिस को स्थानीय लोगों ने हादसे की सूचना दी। बताया जा रहा है कि कार सवार खंगसर से कोलांग गांव में किसी धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। इस दौरान जब इनकी ऑल्टो कार (एचपी 42-3093) मेह नाला के पास पहुंची तो अनियंत्रित होकर सड़क से गहरी खाई में जा गिरी।
हादसे की सूचना के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचित किया। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने लोगों के साथ रेस्क्यू अभियान शुरू किया और दोनों लोगों को सड़क मार्ग पहुंचाने के बाद अस्पताल ले जाया गया। मगर चिकित्सक ने दोनों को मृत घोषित किया। बताया जा रहा है कि हादसे की सूचना स्थानीय लोगों के साथ पुलिस को भी देरी से मिली है।
मृतक की पहचान थिनले (48) पुत्र छोटू राम और नवांग टशी (38) पुत्र तोबदन दोनों निवासी खंगसर लाहौल-स्पीति के रूप में हुई है। मंगलवार सुबह मृतकों के शवों का क्षेत्रीय अस्पताल केलांग में पोस्टमार्टम किया गया। उप पुलिस अधीक्षक केलांग संजीव सूद ने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिए हैं। हादसा कैसे हुआ इसकी पुलिस जांच कर रही है।