कुल्लू जिले की सचानी पंचायत के साथ लगती घासनी में लगी आग में झुलसने से महिला की मौत हो गई। वहीं, आग लगने के कारण पत्थर गिरने से एक बुजुर्ग ने भी दम तोड़ दिया। पुलिस ने महिला और बुजुर्ग के शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिए हैं। जानकारी के अनुसार वीरवार दोपहर बाद सचानी गांव की कमलेश शर्मा (45) गांव के साथ लगी घासनी में घास काटने गई थी।
वह घासनी में लगी आग की चपेट में आने से बुरी तरह झुलस गई। महिला 90 फीसदी तक झुलस गई थी। परिजन और ग्रामीण महिला को उपचार के लिए कुल्लू अस्पताल लाए। यहां से उसे आईजीएमसी शिमला रेफर कर दिया गया, लेकिन उसकी रास्ते में ही मौत हो गई। वहीं, सचानी गांव के साथ राईनाला नामक जगह पर बामन देव (75) निवासी सचानी पत्थर गिरने से गंभीर घायल हो गए। बुजुर्ग की देर रात को कुल्लू अस्पताल में मौत हो गई।
पंचायत प्रधान योगराज ने कहा कि बुजुर्ग की मौत पत्थर गिरने हुई है। यह पत्थर आग लगने की वजह से गिरा है। कहा कि सचानी में दो लोगों की मौत से गांव में मातम छा गया है। पुलिस अधीक्षक कुल्लू गौरव सिंह ने कहा कि भुंतर पुलिस ने केस दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है। दोनों मृृतकों के शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिए हैं। एसपी ने कहा कि आग किसने लगाई, पुलिस इसकी जांच कर रही है।