हिमाचल के कुल्लू जिले के उपमंडल बंजार के बाहू गांव में चार मकान व एक गौशाला जलकर राख हो गए। घटना में एक मवेशी भी जिंदा जल गया। अग्निकांड में करीब 20 लाख रुपये का नुकसान आंका गया है। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। घटना से गांव में अफरा तफरी मच गई।
कड़ी मशक्कत के बाद दमकल विभाग की टीम ने आग पर काबू पाया। जानकारी के अनुसार गांव बाहू में अचानक चार घरों में आग लग गई। मकान काष्ठकुणी शैली में बने होने के कारण कुछ ही क्षणों में आग ने भयंकर रूप धारण कर लिया जिससे गांव के अन्य घरों को भी खतरा पैदा हो गया। साथ लगती एक गौशाला जलकर राख हो गई।
घटना में एक मवेशी भी जिंदा जल गया। आग देखकर ग्रामीण मौके पर बचाव व राहत के लिए एकत्रित हुए और आग बुझाने में जुट गए। दमकल विभाग को भी घटना की सूचना दी गई लेकिन रास्ता तंग होने के कारण दमकल विभाग की टीम देरी से मौके पर पहुंची। तब तक आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।
भड़की आग को देखते हुए आसपास के घरों के लोगों ने अपना सामान भी घर से सुरक्षित स्थानों पर निकाला। सूचना मिलने पर प्रशासन व पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और बचाव व राहत कार्य का जायजा लिया। जिप सदस्य सुरेंद्र शौरी भी मौके पर पहुंचे और प्रभावितों को ढांढस बंधाया।
अग्निकांड में करीब एक दर्जन परिवार सर्द रातों में बेघर हो गए हैं। सर्दियां आते ही कुल्लू जिले में आग की घटनाएं बढ़ने लगी हैं। एसडीएम बंजार अपूर्व देवगन ने प्रभावित परिवारों को 10-10 हजार रुपये की फौरी राहत प्रदान की है। इसी के साथ तीन माह का राशन, तिरपाल व कंबल मुहैया करवाए हैं।