देहरादून-पांवटा नेशनल हाईवे-07 पर रविवार रात एक बाइक सांड से टकरा गई। इससे बाइक पर सवार दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को चंडीगढ़ के एक अस्पताल में भर्ती किया गया है।
जानकारी के मुताबिक देहरादून से पांवटा राष्ट्रीय राजमार्ग-07 पर सैनवाला मुबारिकपुर के टोकियों में रविवार रात को सड़क हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि नाहन से पांवटा की ओर आ रही एक बाइक अचानक सांड से टकरा गई। इससे मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर सड़क पर ही गिर गया।
हादसे में ग्राम पंचायत पुरुवाला निवासी संदीप (19) पुत्र रघुवीर सिंह, सौरभ (19) पुत्र सलिंद्र और कबीर खान (17) पुत्र इस्लाम निवासी जोहड़ों गंभीर रूप से घायल हो गए।
सभी घायलों को 108 एंबुलेंस में पांवटा सिविल अस्पताल पहुंचाया गया लेकिन, गंभीर रूप से घायल संदीप ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। जबकि अन्य दो युवकों को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज नाहन रेफर कर दिया गया।
परिजन दोनों को चंडीगढ़ लेकर गए, जहां दूसरे घायल सौरभ ने भी दम तोड़ दिया। तीसरे युवक का चंडीगढ़ के एक अस्पताल में उपचार चल रहा है। माजरा पुलिस थाना टीम को ग्रामीणों ने सूचित कर दिया है।
माजरा से जांच अधिकारी भगवती प्रसाद की टीम ने मौके पर पहुंच कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए हैं। हादसे में दो नौजवानों की मौत से ग्राम पंचायत पुरुवाला में शोक की लहर है।
डीएसपी पांवटा सोमदत्त ने घटना की जानकारी दी है। डीएसपी ने कहा कि माजरा पुलिस थाना के तहत टोकियों में रात को हादसा हुआ है। इसमें दो युवकों की मौत हो गई है जबकि, एक घायल का चंडीगढ़ अस्पताल में उपचार चल रहा है। माजरा पुलिस टीम मामले की जांच कर रही है।