जिला हमीरपुर में रविवार को कोरोना के दो नए मामले सामने आए हैं। दोनों नादौन की ग्राम पंचायत ग्वालपत्थर के करड़ी और तियोंगली गांव से हैं। 16 मई को दोनों के सैंपल लिए गए थे। करड़ी गांव का 35 वर्षीय व्यक्ति 12 मई को मुंबई से पत्नी, भाई और तीन अन्य लोगों के साथ लौटा।
मुंबई से लौटने के बाद यह व्यक्ति घर में ही क्वारंटीन था। तियोंगली गांव का 59 वर्षीय व्यक्ति 13 मई को मुंबई से टैक्सी में आया था और गुग्गा मंदिर क्वारंटीन केंद्र में था। यह टैक्सी मानपुल (नादौन) के ही एक व्यक्ति की है। टैक्सी में उसके साथ बटराण व नारा गांव के दो अन्य व्यक्ति भी आए हैं।
उपायुक्त हरिकेश मीणा ने कहा कि दोनों को कोविड-19 अस्पताल भोटा शिफ्ट कर दिया गया है।। वहीं, हिमाचल में एक और मरीज ने कोरोना से जंग जीत ली है। कांगड़ा के जमानाबाद के युवक की दूसरी रिपोर्ट भी निगेटिव आई है, जिसके बाद उसे कोविड केयर सेंटर बैजनाथ से डिस्चार्ज कर घर भेजा दिया गया है।
यह युवक दुबई से लौटने के बाद दिल्ली में अपने दोस्त के घर रुका था। अप्रैल के अंतिम सप्ताह में यह घर लौटा, जिसके बाद इसे कोरोना पॉजिटिव पाया गया था। इस युवक के ठीक होने के बाद प्रदेश में अब कोरोना के 33 एक्टिव केस हैं।