जिला शिमला की टैक्सी यूनियनों के पदाधिकारी डीसी से मिले
जिला शिमला की विभिन्न टैक्सी यूनियनों के पदाधिकारियों का एक प्रतिनिधिमंडल शनिवार को डीसी व पुलिस अधीक्षक शिमला से मिला। इस दौरान पदाधिकारियों ने 25 जून को शिमला के टैक्सी मालिक हरिकिशन की हत्या को लेकर प्रशासन के समक्ष अपना विरोध प्रकट किया। यूनियनों के पदाधिकारियों ने प्रशासन से मांग की है टैक्सी सेवाओं से जुड़े लोगों को सुरक्षा उपलब्ध करवाई जाए। लगातार टैक्सी चालकों और मालिकों के साथ मारपीट हो रही है और अब तो सरेराह हत्या तक टैक्सी मालिक की कर दी गई है। टैक्सी मालिक की हत्या करके उसकी गाड़ी को लेकर पंजाब पहुंच गए और प्रशासन को इस बारे में कोई भी भनक नहीं लगी। यह प्रशासन की नाकामी है। यूनियन ने प्रशासन से आग्रह किया है कि हत्यारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और पीड़ित परिवार को मुआवजा देकर राहत प्रदान की जाए। साथ ही आए दिन बाहरी राज्य से आए टैक्सी चालकों के साथ स्थानीय शरारती तत्वों द्वारा मारपीट करना, प्रशासन की कार्यप्रणाली पर प्रश्न चिन्ह लगाता है, जिससे आज हिमाचल के हर कोने के टैक्सी चालकों के साथ बाहरी राज्यों में मारपीट व गाड़ी तोड़ने जैसी वारदातों को अंजाम दिया जा रहा है। वहीं प्रशासन ने यूनियन के पदाधिकारियों को विश्वास दिलाया कि इस मामले में जल्द सख्त कार्रवाई की जाएगी और आने वाले समय में ऐसे ही घटनाएं न हो इसके लिए पुरजोर कोशिश की जाएगी।
जबरदस्ती चंडीगढ़ तक छोड़ने की बात कर रही थीं सवारियां
टैक्सी चालक हरिकृष्ण की हत्या के मामले में मृतक के चचेरे भाई संतोष कुमार ने बताया कि उनके भाई ने उन दोनों सवारियों को बिलासपुर छोड़कर घर आने की बात कही थी। उन्होंने बताया कि सीसीटीवी जांच में पता चला है कि घाघस से पंचवटी होटल तक आने के लिए टैक्सी को करीब 55 मिनट का समय लगा है, जबकि वहां पर टैक्सी 5 से 7 मिनट में पहुंच सकती है। संतोष कुमार ने आशंका जताई है कि दोनों सवारियां उनके भाई को जबरन चंडीगढ़ तक छोड़ने की बात कर रही थीं, जिसे लेकर उनमें कोई कहासुनी हुई होगी और उन्होंने उनके भाई की हत्या कर दी। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी में यह भी ट्रेस हुआ है कि वह बिलासपुर जाने की बजाय भराड़ीघाट की तरफ लौट आए थे। भराड़ीघाट के एक पेट्रोल पंप पर उनकी सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस को मिली है। उन्होंने कहा कि वह दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई चाहते हैं, जिससे दोबारा से कोई इस तरह की घटना को अंजाम न दे सके। उन्होंने कहा कि इस हत्या से पूरा क्षेत्र सदमे में है। हिमाचल जैसे शांत वातावरण में इस तरह की घटनाएं होना अपने आप में एक बड़ा सवाल है।
सरकार सुरक्षा मुहैया करवाए, वरना पंजाब का बहिष्कार : राजेंद्र ठाकुर
ऑल हिमाचल कामर्शियल व्हीकल ज्वाइंट एक्शन कमेटी ने प्रदेश सरकार से हिमाचल के टैक्सी चालक की पंजाब के सैलानियों की ओर से की गई हत्या पर कड़ा रोष जताया है। कहा कि सरकार सुरक्षा मुहैया करवाए, नहीं तो पंजाब का बहिष्कार किया जाएगा। कमेटी के अध्यक्ष राजेंद्र ठाकुर ने कहा है कि टैक्सी चालक की हत्या के बाद हिमाचल के टैक्सी संचालकों में डर का माहौल बना हुआ है। खुलेआम टैक्सी चालक का शव राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे नहर में फेंकना चिंता का सबब है। कमेटी ने प्रदेश सरकार से टैक्सी चालकों को सुरक्षा उपलब्ध करवाने की मांग उठाई है। पिछले दिनों में भी पंजाब के लोगों ने हिमाचल के कुछ टैक्सी संचालकों के साथ कई स्थानों पर दुर्व्यवहार किया है। अगर यह घटनाएं नहीं रुकतीं तो हिमाचल के टैक्सी संचालकों को मजबूरन पंजाब का बहिष्कार करना पड़ेगा।