सब्जी मंडी सोलन के सचिव प्रकाश कश्यप ने बताया कि ट्रक चालक डरे हुए हैं। अब शुक्रवार को ही यह तय होगा कि आगामी दिनों में सप्लाई जाएगी या नहीं। उन्होंने बताया कि टमाटर की सप्लाई प्रभावित होती है तो करोड़ों रुपये का नुकसान होगा। किसान और कारोबारी दोनों प्रभावित होंगे। सोलन में कहीं भी कोल्ड स्टोर नहीं है और टमाटर को दो से तीन दिन तक ही सुरक्षित रखा जा सकता है। सेब मंडी में भी हड़ताल की वजह से आढ़ती परेशान हैं।
गौरतलब है कि पिछले साल सोलन में टमाटर सीजन के दौरान डेढ़ अरब का कारोबार हुआ था। उधर, देशव्यापी चक्का जाम व अनिश्चितकालीन हड़ताल के तहत उत्तर भारत की बड़ी यूनियनों में शुमार दी ट्रक आपरेटर यूनियन नालागढ़ में वीरवार शाम 5 बजे से पुकार बंद हो गई है।
शुक्रवार को ट्रकों की लोडिंग अनलोडिंग भी नहीं होगी। चक्का जाम में बीबीएन के तहत ट्रक यूनियन नालागढ़ के अधीन आने वाले साढ़े 10 हजार ट्रक ट्राले शामिल रहेंगे। लेकिन आवश्यक वस्तुओं व सेब सब्जी वाले वाहनों को छूट रहेगी। आल इंडिया मोटर ट्रांसपोर्ट कांग्रेस के आहवान पर आपरेटरों की मांगों को लेकर हिमाचल प्रदेश की कोई भी यूनियन माल ढुलाई नहीं करेगी और न ही शुक्रवार की कोई बुकिंग ली गई है।
आल हिमाचल ट्रक आपरेटर्स फेडरेशन के चेयरमैन एवं ट्रक यूनियन नालागढ़ के प्रधान चौधरी विद्यारतन ने कहा कि आपरेटरों की मुख्य मांगों में डीजल की कीमतों में कमी, त्रैमासिक संशोधन व राष्ट्रीय स्तर पर समान मूल्य, तृतीय पक्ष बीमा प्रीमियम में जीएसटी से छूट, एजेंट कमीशन समाप्त करने व वर्ष में बढ़ाया प्रीमियम वापस लेना, आयकर अधिनियम की धारा 44-ई को तर्कसंगत करने, टीडीएस को समाप्त और दर में कमी करने, कमर्शियल वाहनों पर टोल टैक्स समाप्त व कम करने, अनुबंध समय समाप्त होने पर टोल बंद करने, नेशनल हाईवे अथॉरिटी की अनुबंध शर्तें लागू करना शामिल है।