कुमारहट्टी-हिम्मतपुर-दवाली-धर्मपुर मार्ग पूरी तरह रहा बंद
संवाद न्यूज एजेंसी
कसौली (सोलन)। कालका-शिमला राष्ट्रीय उच्च मार्ग-5 पर सोमवार तड़के कुमारहट्टी के पास होटल न्यू वैदिक के समीप निर्माण सामग्री से भरा ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे हिम्मतपुर-दवाली संपर्क मार्ग पर पलट गया। हादसे में चालक सुरक्षित बच गया। गनीमत रही कि उस समय निचली सड़क पर कोई वाहन या राहगीर नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों और दिल्ली ढाबा के कर्मचारियों ने तत्परता दिखाते हुए ट्रक के केबिन में फंसे चालक को सुरक्षित बाहर निकाला। हादसे के कारण कुमारहट्टी-हिम्मतपुर-दवाली-धर्मपुर मार्ग पर यातायात ठप हो गया, जिससे स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि फोरलेन के इस तीखे मोड़ पर चेतावनी संकेतक बोर्ड और रिफ्लेक्टर नहीं होने से चालकों को ऊपरी और निचली सड़क के बीच भ्रम होता है। इससे हादसे का खतरा बना रहता है। लोगों ने प्रशासन से मार्ग को जल्द बहाल करने और दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए उचित संकेतक लगाने की मांग की है।