फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Solan News: पक्ष में फैसला नहीं आया तो महापंचायत करेंगे ट्रक ऑपरेटर

Fri, 06 Jan 2023 08:19 PM IST
Krishan Singh संवाद न्यूज एजेंसी, अर्की (सोलन)

सार

महापंचायत में अर्की क्षेत्र की करीब 56 पंचायतों के 30,000 हजार लोग शामिल करने की योजना है। बरमाणा से भी ट्रक ऑपरेटर संघ के पदाधिकारियों को बुलाया जाएगा।
विज्ञापन
ट्रक ऑपरेटर दाड़लाघाट - फोटो : संवाद
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

अंबुजा प्लांट बंद होने पर अब हिमाचल प्रदेश के सोलन के दाड़लाघाट में बड़ा आंदोलन हो सकता है। ट्रक ऑपरेटर महापंचायत करने की तैयारी में हैं। सरकार की ओर से गठित कमेटी सात जनवरी को रिपोर्ट सौंपेगी। इसमें सकारात्मक परिणाम नहीं आए तो ट्रक ऑपरेटर आठ जनवरी के बाद महापंचायत करेंगे। ऑपरेटरों ने इसके पहले ही संकेत दे दिए हैं। महापंचायत में अर्की क्षेत्र की करीब 56 पंचायतों के 30,000 हजार लोग शामिल करने की योजना है। बरमाणा से भी ट्रक ऑपरेटर संघ के पदाधिकारियों को बुलाया जाएगा। महापंचायत में ही ऑपरेटर अगली रणनीति बनाएंगे।  

विज्ञापन


हालांकि, पहले भी सीमेंट प्लांट को लेकर कई आंदोलन हो चुके हैं, मगर अभी तक क्षेत्र में महापंचायत नहीं हुई है। महापंचायत में लोगों की सहमति से ही अगला निर्णय किया जाएगा। लैंड लूजर सहकारी सभा के पूर्व प्रधान रामकिशन शर्मा ने बताया कि महापंचायत दाड़लाघाट में होगी। इसमें अंबुजा सीमेंट से संबंधित सभी ऑपरेटर, ढाबा संचालक, व्यापारी, स्पेयर पार्ट्स के दुकानदार, मेकेनिक, युवक व महिला मंडल, बरमाणा के ट्रक ऑपरेटरों सहित क्षेत्र के डुमेहर, दाड़लाघाट, कुनिहार और धुंदन के जिला परिषद वार्ड के तहत आने वाले लोग बुलाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सीमेंट प्लांट को बंद हुए 23 दिन हो गए हैं। 

दाड़लाघाट में ट्रक ऑपरेटरों ने निकाली आक्रोश रैली
 दाड़लाघाट में ऑपरेटरों का धरना-प्रदर्शन शुक्रवार को 24वें दिन में प्रवेश कर गया। हर दिन की तरह ऑपरेटर हजारों की संख्या में कंपनी गेट पर इकट्ठा हुए और वहां से आक्रोश रैली बस स्टैंड तक पहुंची। अदाणी समूह के खिलाफ जमकर नारेबाजी हुई। बस स्टैंड से रैली अंबुजा चौक पर पहुंची। वहां विभिन्न सभाओं के सदस्यों ने ऑपरेटरों को संबोधित किया। एसडीटीओ के प्रधान जयदेव कौंडल ने बताया कि ऑपरेटरों का गुस्सा और बैंक का ब्याज बढ़ता जा रहा है। जिन ऑपरेटरों की नई मल्टीएक्सल गाड़ियां हैं, उनकी किस्त लगभग 80,000 और 6 चक्का गाड़ी की 45,000 के आसपास बनती है। एक महीने की बैंक की किस्त ड्यू हो गई है। गाड़ियां सड़कों पर खड़ी हैं, जिन पर ब्याज पड़ रहा है। जिन ऑपरेटरों की गाड़ियां फ्री भी हैं, उन्होंने भी गाड़ियों को रिफाइनेंस करवा रखा है या उस पर लिमिट बनवा रखी है। ऑपरेटरों से प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से जुड़े छोटे मोटे व्यवसायी मसलन ढाबा संचालक, स्पेयर पार्ट्स, पेट्रोल पंप, टायर पंचर, मेकेनिक का रोजगार भी बंद हो गया है। सबको अपने बच्चों और परिवार के भरण पोषण की चिंता सताने लगी है। जल्द मसला हल नहीं हुआ तो ऑपरेटर व उनसे जुड़े हुए लोग बैंक के कर्जदार हो जाएंगे। उन्होंने सरकार से जल्द से जल्द इस विवाद को सुलझाने की गुहार लगाई है।

विज्ञापन
विज्ञापन

ट्रक ऑपरेटरों ने चेताया, धैर्य की परीक्षा न लें अदाणी और सरकार

सीमेंट प्लांट बंद करने के विरोध में शुक्रवार को ट्रक ऑपरेटरों ने बीडीटीएस कार्यालय में धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान ट्रक ऑपरेटरों ने अदाणी समूह के खिलाफ जमकर गुबार निकाला और प्रदेश सरकार से इस मसले को शीघ्र हल करने की मांग की। साथ ही चेताया कि अदाणी समूह और सरकार उनके धैर्य की परीक्षा न ले। बीडीटीएस के महासचिव प्रदीप ठाकुर ने कहा कि अदाणी समूह प्लांट में की गई तालाबंदी के लिए ट्रक ऑपरेटरों को जिम्मेदार ठहराकर उन्हें बदनाम करने का प्रयास कर रहा है, जिसे सहन नहीं किया जाएगा। एसीसी में अदाणी समूह ने बिना कोई नोटिस दिए 14 दिसंबर रात को तालाबंदी की थी। उनके ट्रक 23 दिनों से खड़े हैं।

ट्रक ऑपरेटर माल ढोने को तैयार हैं लेकिन अदाणी समूह तालाबंदी नहीं खोल रहा है। अदाणी समूह एक सोची समझी चाल के तहत स्थानीय ट्रक ऑपरेटरों को समाप्त करने का षड्यंत्र रच रहा है।  इसी षड्यंत्र के तहत किराये को करीब 50 प्रतिशत कम करके ऑपरेटरों को अपने ट्रक चलाने के लिए मजबूर कर रहा है। बीडीटीएस ने अपनी रिपोर्ट सरकार की उपसमिति को सौंप दी है। समिति 7 जनवरी को सरकार को अपनी रिपोर्ट सौंपेगी। प्रधान सचिव की अध्यक्षता में गठित कमेटी से बीडीटीएस की वार्ता होगी। बीडीटीएस आगामी बैठक में होने वाले निर्णय के आधार पर ही अपनी आगामी रणनीति बनाएगी। इस मौके पर कुलदीप ठाकुर, संतोष ठाकुर, नंदलाल ठाकुर और अमर सिंह चौधरी सहित अन्य पदाधिकारियों ने भी संबोधित किया।

बरमाणा में  रैली और धरना-प्रदर्शन
शनिवार को बरमाणा में धरना-प्रदर्शन और रैली होगी। धरना-प्रदर्शन में कांग्रेस पार्टी के प्रदेश महासचिव और पूर्व विधायक बंबर ठाकुर शामिल होंगे। सभा के ऑपरेटरों ने सभी से बड़ी संख्या में धरना प्रदर्शन में भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें