सीमेंट प्लांट बंद करने के विरोध में शुक्रवार को ट्रक ऑपरेटरों ने बीडीटीएस कार्यालय में धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान ट्रक ऑपरेटरों ने अदाणी समूह के खिलाफ जमकर गुबार निकाला और प्रदेश सरकार से इस मसले को शीघ्र हल करने की मांग की। साथ ही चेताया कि अदाणी समूह और सरकार उनके धैर्य की परीक्षा न ले। बीडीटीएस के महासचिव प्रदीप ठाकुर ने कहा कि अदाणी समूह प्लांट में की गई तालाबंदी के लिए ट्रक ऑपरेटरों को जिम्मेदार ठहराकर उन्हें बदनाम करने का प्रयास कर रहा है, जिसे सहन नहीं किया जाएगा। एसीसी में अदाणी समूह ने बिना कोई नोटिस दिए 14 दिसंबर रात को तालाबंदी की थी। उनके ट्रक 23 दिनों से खड़े हैं।
ट्रक ऑपरेटर माल ढोने को तैयार हैं लेकिन अदाणी समूह तालाबंदी नहीं खोल रहा है। अदाणी समूह एक सोची समझी चाल के तहत स्थानीय ट्रक ऑपरेटरों को समाप्त करने का षड्यंत्र रच रहा है। इसी षड्यंत्र के तहत किराये को करीब 50 प्रतिशत कम करके ऑपरेटरों को अपने ट्रक चलाने के लिए मजबूर कर रहा है। बीडीटीएस ने अपनी रिपोर्ट सरकार की उपसमिति को सौंप दी है। समिति 7 जनवरी को सरकार को अपनी रिपोर्ट सौंपेगी। प्रधान सचिव की अध्यक्षता में गठित कमेटी से बीडीटीएस की वार्ता होगी। बीडीटीएस आगामी बैठक में होने वाले निर्णय के आधार पर ही अपनी आगामी रणनीति बनाएगी। इस मौके पर कुलदीप ठाकुर, संतोष ठाकुर, नंदलाल ठाकुर और अमर सिंह चौधरी सहित अन्य पदाधिकारियों ने भी संबोधित किया।
बरमाणा में रैली और धरना-प्रदर्शन
शनिवार को बरमाणा में धरना-प्रदर्शन और रैली होगी। धरना-प्रदर्शन में कांग्रेस पार्टी के प्रदेश महासचिव और पूर्व विधायक बंबर ठाकुर शामिल होंगे। सभा के ऑपरेटरों ने सभी से बड़ी संख्या में धरना प्रदर्शन में भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की है।