बिलासपुर जिले के भराड़ी थाना के बरोटा कस्बे में बीडीटीएस के ट्रक ऑपरेटरों और पुलिस के बीच तनाव का माहौल बन गया। शनिवार रात करीब 10:00 बजे गहमागहमी के चलते सीमेंट से लदे टेंपो और उसके चालक को पुलिस थाने ले गई। वहीं, एक दर्जन के करीब ट्रक ऑपरेटर भी थाने पहुंचकर उचित कार्रवाई की मांग करने लगे। बाहरी राज्य से या अन्य किसी स्थान से सीमेंट की आपूर्ति को रोकने के लिए ट्रक ऑपरेटरों ने हमीरपुर की तरफ हरितल्यांगर के समीप सड़क किनारे टेंट लगाया है। हरितल्यांगर से करीब तीन किलोमीटर पीछे दोनों जिलों को जोड़ने वाली सीमा पर तरघेल पुल के समीप पुलिस ने नाका लगाया है ताकि किसी भी अनहोनी को समय पर रोका जा सके। शनिवार रात हमीरपुर की तरफ से सीमेंट से लदा एक टेंपो आया, जिसे पुलिस ने सीमा पर रोकने का इशारा किया। लेकिन टेंपो चालक नाका तोड़कर फरार हो गया। पुलिस को शक हुआ कि इस टेंपो में संदिग्ध सामान हो सकता है।
करीब एक घंटे बाद 10:00 बजे पुलिस ने उक्त टेंपो को एक लिंक सड़क पर बरोटा कस्बे के समीप पकड़ लिया। इस पूरे वाक्य की जानकारी नाका लगाने वाले ट्रक ऑपरेटरों को भी मिल गई। कुछेक ट्रक ऑपरेटर भी बरोटा में पहुंच गए। ट्रक ऑपरेटर टेंपो में लदे सीमेंट के बिल जांचने की मांग करने लगे। मौके पर पहुंचे पुलिस कर्मियों ने इस संदर्भ में उचित कार्रवाई करने की बात करते हुए कहा कि यह टेंपो पुलिस नाका तोड़कर भागा है। जो कार्रवाई होगी, वह की जाएगी। इस दौरान खुद को सीमेंट का मालिक बताते हुए एक युवक मौके पर पहुंच गया। ट्रक ऑपरेटरों व उक्त युवक के बीच बहस शुरू हो गई। बीच बचाव करने पर ट्रक ऑपरेटरों व पुलिस के बीच भी थोड़ी देर के लिए गहमागहमी का माहौल बन गया।
ट्रक ऑपरेटरों ने कहा कि जिस व्यक्ति का यह सीमेंट से लदा टेंपो है, उसका खुद का एक ट्रक बरमाणा यूनियन में दर्ज है। अब यूनियन ने बाहर से सीमेंट न लाने का एलान किया तो यह खुद सीमेंट लेकर आ रहे हैं। भराड़ी थाना प्रभारी राजेश ने कहा कि नाका तोड़कर फरार हुए टेंपो चालक को बरोटा के नजदीक पकड़ लिया गया था। वहां पर ऑपरेटर पहुंच गए थे, जिस कारण किसी प्रकार का कोई विवाद न हो इसके लिए टेंपो को थाना लाया गया था। टेंपो का चालान किया गया है जबकि चालक का मेडिकल करवा दिया गया है। बीडीटीएस के प्रधान राकेश कुमार ने कहा कि यूनियन द्वारा जिला बिलासपुर की हर सीमा पर नाके लगाए गए हैं। बाहर से किसी प्रकार के सीमेंट को जिला में नहीं आने दिया जाएगा। जो लोग अपनी गाड़ियों में बाहर से सीमेंट ला रहे हैं, वे भी सीमेंट न लाएं।