पहले पांच अगस्त तक थीं रद्द, अब बढ़ाई गई तारीख अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। विश्व धरोहर कालका-शिमला रेलवे ट्रैक पर चलने वाली तीन अप और तीन डाउन ट्रेनों को 10 अगस्त तक रद्द कर दिया है। रेलवे बोर्ड ने इसकी अधिसूचना भी जारी कर दी है।
ट्रेनों को रद्द करने के पीछे बोर्ड ने खराब मौसम और कम ऑक्यूपेंसी को कारण बताया है। इससे पहले बोर्ड ने पांच अगस्त तक ट्रेनों का संचालन रद्द किया था, लेकिन आगामी दिनों में मौसम खराब रहने की संभावना को देखते हुए इसकी अवधि बढ़ा दी गई है। रेलवे बोर्ड की जानकारी के अनुसार, कालका से शिमला आने वाली कालका-शिमला एक्सप्रेस (52451), कालका-शिमला हिमदर्शन (52459) और अप मिक्स ट्रेन को रद्द किया गया है। इसी तरह डाउन शिमला-कालका एक्सप्रेस (52452), शिमला-कालका हिमदर्शन (52460) और डाउन मिक्स ट्रेन भी निर्धारित अवधि तक नहीं चलेंगी।
वर्तमान में अप कालका-शिमला एक्सप्रेस (52453), हिमालयन क्वीन (52455), एक्सप्रेस (52457) और डाउन में शिमला-कालका एक्सप्रेस (52454), हिमालयन क्वीन (52456) और शिमला-कालका एक्सप्रेस (52458) ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। रेल मंडल अंबाला के वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक अंबाला यशनजीत सिंह ने बताया कि मौसम और कम ऑक्यूपेंसी के कारण ट्रेनों को रद्द किया है। यात्रियों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं आने दी जा रही है। वर्तमान में कम संख्या में ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है।