दौलतपुर चौक रेलवे स्टेशन पर चीफ कमिश्नर रेलवे सेफ्टी एसके पाठक ने सर्वप्रथम पैनल कक्ष, रिले कक्ष, आईपीएस कक्ष और रेलवे स्टेशन दौलतपुर चौक के अन्य सुरक्षा मानकों की जांच की और कमी मिलने पर अधिकारियों को सुधार के निर्देश दिए।
इसके बाद नारियल फोड़ कर सीसीआरएस एसके पाठक ने सेफ्टी ट्रायल किया जो दौलतपुर चौक से शुरू होकर अंब अंदौरा स्टेशन पर खत्म हुआ। 40 वर्ष पहले नंगल-तलवाड़ा रेलवे लाइन पर ट्रेन दौड़ाने का जो सपना देखा गया था, वो अब दौलतपुर चौक तक पूरा होता दिख रहा है। इस ट्रायल के साथ ही 15 किलोमीटर लंबे इस रेलवे ट्रैक का रास्ता रेल सेवाओं के लिए साफ हो गया है।
इस रेलवे ट्रैक पर दो रेलवे स्टेशन बनाए गए हैं। एक चिंतपूर्णी मार्ग कुनेरन जबकि दूसरा दौलतपुर चौक। कुनेरन रेलवे स्टेशन का नाम चिंतपूर्णी मार्ग रखने से ट्रैक से सूबे में धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। इस स्टेशन से शक्तिपीठ चिंतपूर्णी की दूरी लगभग 25 किलोमीटर होगी।
दौलतपुर चौक से ट्रेन का आवागमन होने से क्षेत्र के विद्यार्थियों, कर्मचारी वर्ग व आम जनता को शहरों तक पहुंचने में आसानी होगी। साथ ही अन्य धार्मिक स्थल शिवबाड़ी, बाबा बड़भाग सिंह मैड़ी आदि भी इससे जुड़ेंगे। व्यापार के लिए दिल्ली जाने वाले व्यापारियों को इसका सीधा फायदा होगा। अब उन्हें गाड़ी या टैक्सी से रेल लेने के लिए अंब नहीं जाना पड़ेगा।
पठानकोट-जोगिंद्रनगर रेल ट्रैक का ब्राडगेज सर्वे पूरा : रामस्वरूप
चौंतड़ा/जोगिंद्रनगर(मंडी)। आंबेडकर जयंती पर चौंतड़ा में सांसद रामस्वरूप शर्मा ने कहा कि पठानकोट-जोगिंद्रनगर रेलवे ट्रैक को ब्राडगेज करने लिए सर्वे का काम पूरा हो गया है। ट्रैक के ब्राडगेज के लिए बजट के प्रावधान करवाने की फाइल को केंद्र ने वित्त मंत्रालय को भेज दिया है।
रेलवे ट्रैक के निर्माण के लिए 18 हजार करोड़ की लागत सर्वे में अनुमानित है। इस मौके पर सांसद ने 20 लाख रुपये से निर्मित रेशम सामुदायिक भवन का शिलान्यास तथा उद्योग विभाग व सेरी कल्चर विभाग की ओर से आयोजित रेशम कीट पालन जागरूकता शिविर का शुभारंभ भी किया।