शिमला। विश्व धरोहर कालका-शिमला हेरिटेज ट्रैक पर वीरवार को इंग्लैंड के विदेशी सैलानियों का ग्रुप चार्टर स्पेशल ट्रेन बुक करवाकर शिमला पहुंचा। यह ट्रेन दो कोचों के लिए बुक की गई थी जिसमें करीब 50 सैलानी मौजूद थे। ट्रेन में सवार सैलानियों ने ऐतिहासिक नैरो गेज रेलवे ट्रैक पर पहाड़ों की सुंदर वादियां का लुत्फ उठाया। यह ट्रेन वीरवार पूर्वाह्न 11:30 बजे कालका से शिमला के लिए रवाना हुई और शाम करीब 5:35 बजे शिमला पहुंची। ग्रुप के सदस्य हैनरी ने बताया कि पहली बार शिमला घूमने के लिए आए हैं। बताया कि सभी लोगों ने पहले ही प्लान बना लिया था कि जब भी शिमला घूमने के लिए जाएंगे जो टॉय ट्रेन में ही जाएंगे, क्योंकि इस हेरिटेज ट्रैक के बारे में सुना था। वर्तमान में कालका-शिमला ट्रेक पर छह ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है जिसमें हॉलिडे स्पेशल ट्रेन भी शामिल है जो 28 फरवरी तक चलाई जाएगी।