शिमला। राजधानी में बुधवार सुबह यातायात व्यवस्था एक बार फिर चरमरा गई। विधानसभा के आसपास मुख्य मार्ग पर करीब 30 मिनट तक वाहन आगे नहीं बढ़ सके। इस दौरान सैकड़ों लोग और कर्मचारी जाम में फंस गए। जाम के दौरान पुलिस ने सरकारी वाहनों को आगे निकालने के लिए आम लोगों के वाहनों को रोके रखा। इस वजह से पहले से धीमी रफ्तार से यातायात चला और फिर वाहनों की कतार लंबी होती चली गईं। समरहिल से बैम्लोई जाने वाले नरेश ने बताया कि वह सुबह 9:45 बजे घर से निकले थे लेकिन कार्यालय पहुंचते-पहुंचते 11 बज गए। आम तौर पर यह सफर 15 से 20 मिनट में पूरा हो जाता है। जाम के कारण उन्हें लगभग सवा घंटे का समय लगा जिससे कामकाज और बैठकों का शेड्यूल भी प्रभावित हुआ। ट्रैफिक पुलिस ने बाद में स्थिति सामान्य होने का दावा किया लेकिन सुबह की अव्यवस्था ने शहर की यातायात प्रबंधन व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय नागरिकों ने मांग की है कि वीआईपी मूवमेंट के दौरान भी सामान्य वाहनों की निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित की जाए। संवाद