ढली से छराबड़ा होते हुए कुफरी तक दिनभर सरकते रहे वाहन
दो दिन की छुट्टियों के बाद शहर में वाहनों की संख्या
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। सैलानियों की आवाजाही बढ़ने के कारण राजधानी को ऊपरी शिमला से जोड़ने वाले नेशनल हाईवे शिमला-रामपुर-05 पर जाम की समस्या गहरा गई है। सोमवार को हफ्ते के पहले ही दिन ढली से छराबड़ा होते हुए कुफरी तक दिनभर वाहन धीमी रफ्तार में सरकते रहे जिस कारण आवाजाही करने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
दो दिन की छुट्टियों के बाद सोमवार को ऊपरी शिमला से शहर की ओर वाहनों की आमद बढ़ने के कारण भी जाम की समस्या पेश आई। सोमवार सुबह करीब दस बजे के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग-05 पर ढली चौक से वाहनों की कतार ढली बॉयफिरकेशन होते हुए हसन वैली तक पहुंच गई। हसन वैली में सड़क किनारे बेतरतीब खड़े पर्यटक वाहनों और टैक्सियों के कारण जाम की समस्या पेश आई। 11:30 बजे छराबड़ा से कुफरी की ओर दो कारों में टक्कर हो गई। टक्कर के बाद छराबड़ा से कुफरी की ओर वाहनों की कतार लग गई। ढली थाना से पुलिस टीम मौके पर भेजी गई। हालांकि पुलिस के पहुंचने के बाद दोनों पक्षों में आपसी समझौता हो गया और गाड़ियां हटाकर जाम खुलवा दिया।
सैलानियों की आमद बढ़ने से समस्या
ढली थाना के कार्यकारी थाना प्रभारी रंजीत राणा ने बताया कि सैलानियों की आवाजाही बढ़ने से जाम की समस्या पेश आ रही है। दो दिन की छुट्टियों के बाद सोमवार को ऊपरी शिमला से शहर की ओर वाहनों की रश अधिक था। जाम न लगे इसके लिए ढली से कुफरी तक नियमित पेट्रोलिंग की जा रही है। ढली मशोबरा बायफिरकेशन पर रात साढ़े नौ बजे तक पुलिस टीम तैनात रखी जा रही है।
लिफ्ट से बैम्लोई और ओल्ड बस स्टैंड फिर जाम
दोपहर बाद सर्कुलर रोड पर लिफ्ट से ओल्ड बस स्टैंड और दूसरी ओर बैम्लोई तक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। लिफ्ट स्थित बहुमंजिला पार्किंग, नगर निगम की मैट्रोपोल पार्किंग और पर्यटन विकास निगम की ट्रिपल एच पार्किंग के बाहर बेतरतीब खड़े पर्यटक वाहनों के कारण जाम की समस्या पेश आई।
जाम में फंसीं बसें रूट पर देरी से हो रही रवाना
शहर में ट्रैफिक जाम के कारण बसें निर्धारित समय पर रूटों पर रवाना नहीं हो पा रही हैं। संकट मोचन के पास क्यारी से सुबह 9:00 बजे शिमला आने वाली बस इन दिनों 9:30 से 9:45 बजे के बीच चल रही है। इस कारण स्थानीय लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। इस रूट पर 30 सीटर छोटी बस ही चलाई जा सकती है। छोटी बसें जाम में फंसने के कारण समय से बस स्टैंड नहीं पहुंच रहीं जिस कारण यह दिक्कत पेश आ रही है।