शहर के पर्यटन कारोबार पर दिखने लगा असर गर्मियों की छुट्टियां खत्म होना भी बताया जा कारण संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। राजधानी में मानसून की दस्तक के साथ ही पर्यटन कारोबार पर असर दिखाई देने लगा है। बीते कुछ दिनों से मौसम में आए बदलाव और गर्मियों की छुट्टियां खत्म होने से बड़ी संख्या में सैलानी वापस लौटने लगे हैं। इसका कारण मैदानी इलाकों में स्कूल खुलना भी बताया जा रहा है। अधिकतर सैलानी गर्मी की छुट्टियों के चलते शिमला घूमने आते हैं।
अब स्कूल खुलने और बरसात में सड़कों के अवरुद्ध होने के खतरे को देखते हुए सैलानी अपने घरों को लौटना शुरू हो गए हैं। इसकी वजह से होटलों में होने वाली एडवांस बुकिंग में 20 से 30 फीसदी तक की कमी आई है। इसका सीधा असर शहर के पर्यटन कारोबार पर पड़ रहा है। वहीं इससे होटल कारोबारियों, टैक्सी चालकों, रेस्तरां संचालकों और स्थानीय दुकानदारों की आय भी प्रभावित हो रही है। मालरोड, रिज मैदान सहित अन्य प्रमुख पर्यटन स्थलों पर सैलानियों की भीड़ कम हो गई है। टैक्सी ऑपरेटरों का कहना है कि सैलानियों की संख्या घटने से उनकी दैनिक आय में कमी आई है। लोअर बाजार के कारोबारी तरुण राणा ने बताया कि बारिश के बाद बाजारों में सैलानियों की भीड़ कम होना शुरू हो गई है। अब केवल स्थानीय लोग ही देखने को मिल रहे हैं। पर्यटन कारोबारियों का मानना है कि यदि मौसम सामान्य रहता है और सड़क मार्ग सुचारू बने रहते हैं तो जुलाई के दूसरे वीकेंड से पर्यटकों की संख्या में फिर से बढ़ोतरी हो सकती है। होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन के उपाध्यक्ष प्रिंस कुकरेजा ने कहा कि जून के अंतिम सप्ताह तक जहां अधिकांश होटलों में अच्छी बुकिंग थी, वहीं जुलाई की शुरुआत के साथ एडवांस बुकिंग में हल्की कमी आई है। इसका मुख्य कारण बाहरी राज्यों में गर्मियों की छुट्टियां खत्म होना है। वीकेंड पर उम्मीद है कि बुकिंग में बढ़ोतरी हो सकती है।