बाजारों में बढ़ रही खरीदारी, वीकेंड पर है दो दिन की छुट्टी
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। वीकेंड पर दो दिन की छुट्टी मनाने के लिए हजारों सैलानी हिल्स क्वीन शिमला पहुंचने लगे हैं। शहर में शुक्रवार शाम से सैलानियों की आवाजाही बढ़ गई है। शनिवार और रविवार को भी हजारों सैलानियों के शिमला पहुंचने की उम्मीद है।
शहर में सैलानियों की आवाजाही बढ़ने से कारोबार में भी तेजी आने लगी है। शहर के कारोबारियों की मानें तो वीकेंड पर पिछले हफ्ते भी हजारों सैलानी शिमला पहुंचे थे। इस बार वीकेंड पर दो दिन की छुट्टी पड़ रही हैं। ऐसे में सैलानियों की संख्या पिछले हफ्ते से ज्यादा रह सकती है। विंटर टूरिस्ट सीजन से पहले सैलानियों की आवाजाही बढ़ने से शहर का कारोबार चमक रहा है। बाजारों में देर शाम तक लोगों की चहल-पहल है। मालरोड, लक्कड़ बाजार में रात 10:00 बजे तक सैलानी शिमला के ठंडे और सुहावने मौसम का मजा ले रहे हैं। इन बाजारों में रेस्तरां और खाने पीने की दुकानों से लेकर कपड़े की खरीदारी भी बढ़ी है। ठंड को देखते हुए कारोबारियों ने गर्म और ऊनी कपड़ों की बिक्री भी शुरू कर दी है। मालरोड के कारोबारी विवेक सिंह ने कहा कि इस बार अक्तूबर के अंत में ही गर्म कपड़ों की बिक्री शुरू कर दी है। इस बार ठंड ज्यादा है। उम्मीद है कि दिसंबर से ही शहर में बर्फबारी का दौर भी शुरू होगा। पिछले कई साल से शिमला में बर्फबारी नहीं हो रही है। इस बार ठंड को देखते हुए अगले तीन महीने बर्फबारी होने की उम्मीद है।
शादियों के लिए हो रही खरीदारी
दिसंबर तक शादियों के भी कई मुहूर्त हैं। ऐसे में लोग शादी समारोह से जुड़े सामान की भी जमकर खरीदारी कर रहे हैं। लोअर बाजार में कपड़ा कारोबारी अमित ने बताया कि इस बार त्योहारी सीजन अच्छा रहा। अब शादी समारोह के लिए लोग खरीदारी कर रहे हैं। पार्टी से लेकर गर्म कपड़े की खूब खरीदारी हो रही है।