ताजा बर्फबारी होने से पर्यटन कारोबार ने रफ्तार पकड़ ली है। कुछ होटलों में 100 फीसदी कमरे बुक रहे। दिनभर स्थानीय लोगों सहित सैलानियों ने रिज मैदान और मालरोड सहित आसपास के इलाकों में जमकर बर्फ में अठखेलियां कीं। इस दौरान छोटे बच्चे बर्फ के बीच मस्ती करते नजर आए। शिमला में बर्फ देखने के बाद सैलानियों ने कुफरी का रुख भी किया। कारोबारी तरुण राणा ने बताया कि सीजन की पहली बर्फबारी व्यापारियों के लिए राहत लेकर आई है।
बर्फबारी होते ही पर्यटक बड़ी संख्या में पहाड़ी इलाकों की ओर रुख कर रहे हैं। उधर, जेईई मेन परीक्षा पर बर्फबारी और यातायात ठप होने का असर दूसरे दिन भी बना रहा। सुबह की शिफ्ट में परीक्षा से वंचित रहे कई अभ्यर्थी शाम के समय घणाहट्टी स्थित संस्कृति स्कूल परीक्षा केंद्र तक तो पहुंच गए, लेकिन निर्धारित समय समाप्त हो जाने के कारण उन्हें परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया गया। सुबह की शिफ्ट में 150 में से 40 अभ्यर्थी ही समय पर परीक्षा केंद्र पहुंच सके।
न्यू शिमला सेक्टर-4 निवासी आस्था शर्मा ने बताया कि वह सुबह छह बजे घणाहट्टी के लिए निकली थीं। फिसलन सड़क बंद होने से शाम को सड़कें खुलीं तो वह परीक्षा केंद्र पहुंचीं, लेकिन तब तक प्रवेश बंद हो चुका था।