होटलों में 60 फीसदी तक कमरे बुक, वीकेंड पर 80 फीसदी तक पहुंच सकती है आक्युपेंसी
विज्ञापन
शहर में रात दस बजे तक खुली रहेंगे दुकानें
संवाद न्यूज एजेंसी शिमला। क्रिसमस के जश्न और विंटर कार्निवल के चलते पहाड़ों की रानी सैलानियों से गुलजार हो गई है। बाहरी राज्यों से सैलानी वीकेंड के लिए स्पेशल पैकेज बनाकर शिमला पहुंच रहे हैं जिसके चलते होटलों में कमरों की बुकिंग बढ़ गई है। होटलों में बुधवार को 60 फीसदी कमरे बुक हो चुके थे। शनिवार तक 80 फीसदी तक आक्युपेंसी पहुंच सकती है। कुछ सैलानियों ने तो नववर्ष तक शिमला में ही रुकने का प्लान बना रखा है।
रिज मैदान पर बुधवार से विंटर कार्निवल भी शुरू हो गया है। सैलानियों की संख्या बढ़ने और विंटर सीजन शुरू होने के साथ ही शहर के कारोबारियों ने दुकानें बंद करने का समय भी बदल दिया है। पहले जहां कारोबारी शाम 7 बजे के बाद दुकानें बंद कर देते थे वहीं अब रात 9 से 10 बजे तक दुकानें खुली हैं। इस कारण रात को भी लोअर बाजार में भीड़ है। सैलानियों की संख्या बढ़ने से कारोबारियों के चेहरे भी खिल गए हैं। सैलानियों की संख्या बढ़ने से घोड़ा संचालक, फोटो ग्राफर और टैक्सी चालक भी खुश हैं। इनकी कमाई भी बढ़ गई है। पिछले तीन महीने इनका काम मंदा चल रहा था।
विज्ञापन
शिमला व्यापार मंडल के अध्यक्ष हरजीत मंगा ने कहा कि क्रिसमस और न्यू ईयर के जश्न के लिए हजारों सैलानी अब शिमला पहुंचे हैं। इससे शिमला के बाजारों में चहल पहल बढ़ी है। कारोबार के लिए यह अच्छा है। लोअर बाजार के कारोबारी तरुण राणा ने कहा कि उनके पास दो दर्जन से ज्यादा क्रिसमस स्पेशल केक के आर्डर आएं हैं। लोग सांता क्लॉज और क्रिसमस ट्री के केक बनाने की मांग कर रहे हैं। होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन के उपाध्यक्ष प्रिंस कुकरेजा ने कहा कि क्रिसमस और न्यू ईयर के लिए वीकेंड से पहले ही होटलों में 60 फीसदी कमरे बुक हो चुके हैं। वीकेंड पर यह संख्या 70 से 80 फीसदी तक पहुंच सकती है।
क्रिसमस पर होटलों में आज होंगी डीजे पार्टी
क्रिसमस को लेकर होटलों में खास कार्यक्रम होंगे। होटलों में सैलानियों के लिए विशेष डीजे पार्टी, कपल पार्टी और तंबोला सहित विभिन्न तरह की खेल गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसके अलावा सेंटा बच्चों को गिफ्ट भी बांटेंगे और डाइन एंड डांस होगा। शिमला होटलियर एसोसिएशन के अध्यक्ष महेंद्र सेठ ने बताया कि क्रिसमस और न्यू ईयर सेलिब्रेशन पर शहर के होटलों तथा रेस्तरां में पर्यटकों के लिए खास इंतजाम किए हैं।