पुलिस ने नौणी में चल रहे चिन्मय स्कूल के निदेशक की शिकायत के आधार पर पूर्व प्रधानाचार्य के खिलाफ जीवन संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। जानकारी के अनुसार चिन्मय स्कूल नौणी के निदेशक ने लिखित पत्र के माध्यम से पुलिस से शिकायत की है कि पूर्व प्रधानाचार्य को स्कूल प्रबंधन की ओर से एक फ्लैट आबंटित किया गया था।
इस फ्लैट में प्रधानाचार्य ने सात कछुए पाल रखे थे। जब उसने फ्लैट को खाली किया तो वह इन कछुओं को फ्लैट में ही छोड़ गया। शिकायत के अनुसार यह कछुए काफी दिन से भूखे हैं और अब भुखमरी का शिकार होने की वजह से इनकी मौत हो सकती है।
अब उनकी देखभाल करने वाला कोई नहीं है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी पूर्व प्रधानाचार्य के खिलाफ वन्य जीव संरक्षण अधिनियम कीधारा 51 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब इस मामले की छानबीन में जुट गई है।
पुलिस अधीक्षक मधुसूदन शर्मा ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस शिकायत के आधा पर मामले की छानबीन कर रही है। इस बारे में स्कूल प्रबंधन व पूर्व प्रधानाचार्य से भी पूछताछ की जा रही है। उन्होंने बताया कि जल्द ही इस मामले में पुलिस कड़ी कार्रवाई अमल में लाएगी।