पंचायत जैशला के भैचडी गांव में भूस्खलन हो रहा है। बालीचौकी की पंचायत कशौड़ में कल्हणी-पंडोह सड़क पर भारी भूस्खलन हुआ है। इससे कशौड़ गांव पर संकट मंडरा रहा है। लंबाथाच में बारिश के चलते जलस्तर बढ़कर कॉलेज ग्राउंड तक पहुंच गया है। पंचायत मुरहाग के प्रधान कर्म सिंह ने बताया कि मनरेगा पार्क में होने वाला भराड़ी माता (बगलामुखी) मेला स्थगित कर दिया गया है। मंडी-चैल-जंजैहली मुख्य सड़क लेहगला से थुनाग और थुनाग से जंजैहली तक कई स्थानों पर बंद हो गई है। रानाबाग, केलोधार, गाड़ागुसैन और बिलागढ़ मगरूगला छतरी से होकर गुजरने वाली सड़कें कई जगह अवरुद्ध हैं। जंजैहली-मगरूगला सड़क, सनारली शंकरदेहरा-रायगढ़ और जंजैहली-रायगढ़ मार्ग भी बाधित है। लंबाथाच-शैटाधार और लंबाथाच-शिल्हीबागी-कल्हनी मार्ग भी जगह-जगह बंद हो गए हैं। प्रशासन और पीडबल्यूडी की टीमें सड़कों को बहाल करने में जुटी हुई हैं।
सड़कें बहाल करने की फिर से कोशिश जारी है। मशीनरी और कर्मचारी सड़क बहाली में जुटे हैं- योगेश कुमार, सहायक अभियंता, लोक निर्माण विभाग
इलाके में जो सड़कें बहाल की थीं, वह फिर बंद हो गई हैं। लोगों की सुविधा के लिए हरसंभव कदम उठाए जा रहे हैं।- रमेश कुमार, एसडीएम थुनाग
सड़कें ठप होने से कई प्रभावित गांवों तक नहीं पहुंच पाया केंद्रीय दल
मंडी जिले में अभी तक मानसून सीजन में बादल फटने, बाढ़ एवं भूस्खलन से हुए नुकसान का आकलन करने के बाद केंद्रीय दल वापस लौट गया है। हालांकि कुछ आपदा प्रभावित क्षेत्रों की सड़कें ठप होने से दल मौके तक नहीं पहुंच पाया, लेकिन इलाके का दौरा कर टीम ने नुकसान का आकलन किया। धर्मपुर, सराज, करसोग समेत अन्य जगह दौरा कर दल के सदस्यों ने नुकसान की जानकारी जुटाई। इस दल में शामिल सदस्यों ने नुकसान की तस्वीरें खुद मोबाइल से लीं और इन्हें रिकॉर्ड के लिए अपने पास रखा। केंद्रीय दल में शामिल सदस्यों को उपायुक्त अपूर्व देवगन और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने विस्तार से नुकसान की जानकारी के दी। बता दें कि दल में शामिल कुछ सदस्य करसोग विधानसभा क्षेत्र में नुकसान का आकलन करने के बाद यहां से शिमला रवाना हो गए। जबकि टीम में शामिल अन्य सदस्य मंडी से चंडीगढ़ होते दिल्ली रवाना हुए।