सोलन मंडी में 300 तक बिका टमाटर का क्रेट
- फोटो : अमर उजाला
एक सप्ताह से हिमाचल प्रदेश की सोलन सब्जी मंडी में टमाटर के अच्छे दाम न मिलने से जिला सोलन के किसान परेशान हैं। इस वर्ष टमाटर अपने न्यूनतम स्तर करीब 60 रुपये प्रति क्रेट भी बिका है, लेकिन अब पिछले दो-तीन दिन से टमाटर के रेट में हल्की सी बढ़ोतरी हुई है। पिछले कई दिनों से प्रदेश में कोरोना कर्फ्यू और विभिन्न राज्यों में लॉकडाउन के कारण अधिकतर सब्जियों के दाम गिर गए हैं। साथ ही टमाटर भी बुरी तरह पिट रहा है। गुरुवार को टमाटर ग्रेड के हिसाब से 150 से 300 रुपये का क्रेट बिका। हालांकि, अभी स्थानीय टमाटर की खपत जिले में ही हो रही है।
आने वाले दिनों में बाहरी राज्यों को भी टमाटर की सप्लाई शुरू हो जाएगी। इसके बाद टमाटर के भी दाम बढ़ने की उम्मीद है। जानकारी के अनुसार जिले के सिंचित क्षेत्रों से जून में टमाटर की फसल कृषि उपज मंडी में आना शुरू हो जाती है। गंभर पुल, साधुपुल, अश्विनीखड्ड, हैपी वैली सहित अन्य क्षेत्रों से टमाटर की फसल शुरू हो चुकी है। अगेती फसल उगाने वाले किसानों की लागत भी पूरी नहीं हो पा रही है। हालांकि, अभी टमाटर सीजन की शुरुआत है, लेकिन फिर भी किसानों को इसके इतने कम दाम मिल रहे हैं कि फसल तोड़कर मंडी तक पहुंचाने का खर्चा भी पूरा नहीं हो पा रहा है।
आने वाले दिनों में दाम बढने की उम्मीद
कृषि उपज मंडी समिति सोलन के सचिव डॉ. रविंद्र शर्मा ने बताया कि टमाटर सहित सभी सब्जियों के दाम काफी कम हैं। यहां पिछले दिनों टमाटर तीन से छह रुपये किलो बिका था। वीरवार को टमाटर छह से 12 रुपये किलो तक बिका। आने वाले समय में किसानों को टमाटर के अच्छे दाम मिलने की उम्मीद है। जल्द बाहरी राज्यों को भी टमाटर की सप्लाई शुरू हो जाएगी।