देवभूमि हिमाचल के बॉक्सर आशीष कुमार चौधरी के टोक्यो में सोमवार को होने वाले पहले मुकाबले पर सबकी निगाहें टिकी हैं। आशीष कुमार अपना पहला मैच चीन के बॉक्सर के साथ खेलेंगे। भारतीय समय अनुसार उनका मैच दोपहर 3:06 बजे होगा। आशीष कुमार ने अमर उजाला से फोन पर बातचीत में कहा कि वह अपने पहले मैच के लिए पूरी तरह से तैयार हैं। वह हर मैच में जीत के लिए अपना पूरा दमखम लगाएंगे।
विज्ञापन
इधर, मैच में आशीष की जीत के लिए परिवार और दोस्त दुआएं कर रहे हैं। उन्हें आशा है कि आशीष टोक्यो में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल करेंगे। वहीं, आशीष की मां दुर्गा देवी का हौसला बढ़ाने के लिए भी परिवार के अन्य सदस्य घर पहुंच गए हैं। आशीष के चाचा डीआर चौधरी व भाई सुरेश चौधरी का कहना है कि परिवार के लिए यह गौरव का विषय है कि वह हिमाचल प्रदेश से पहला बॉक्सर है, जो ओलंपिक में पहुंचा है। यहां पहुंचने के लिए आशीष ने 16 साल कड़ी मेहनत की है।