राजधानी में वीरवार सुबह कई क्षेत्रों में पीने के पानी की सप्लाई नहीं होगी। मंगलवार रात और बुधवार दोपहर को हुई बारिश के चलते पेयजल योजनाओं में गाद आ गई है। इस वजह से नगर निगम को पानी की पर्याप्त आपूर्ति नहीं मिल पा रही है।
बुधवार सुबह खलीणी, लोअर खलीणी, निगम विहार, देवनगर, विकासनगर, न्यू शिमला, पार्क एरिया और बियर खाना में पानी की सप्लाई नहीं हुई। शाम के समय लिफ्ट एरिया, माल रोड और यूएस क्लब में सप्लाई बाधित रही है।
निगम अभियंता विजय गुप्ता ने बताया है कि पर्याप्त मात्रा में पानी की सप्लाई नहीं मिलने के चलते कुछ क्षेत्रों में कट लगाया गया है। अगर ऐसे ही हालात रहे तो वीरवार सुबह कई क्षेत्रों में सप्लाई बाधित हो सकती है।
उन्होंने बताया है कि जिन क्षेत्रों में बुधवार सुबह और शाम पानी नहीं दिया गया वहां वीरवार को प्राथमिकता पर सप्लाई दी जाएगी। उन्होंने शहर की जनता से पानी का सदुपयोग करने की अपील की है।