शिमला शहर से माकपा नेता
टिकेंद्र पंवर ने भरा नामांकन
एमसी में पूर्व डिप्टी मेयर रह चुके हैं टिकेंद्र
2.22 करोड़ की चल अचल संपत्ति के हैं मालिक
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। शिमला शहरी विधानसभा सीट से माकपा नेता टिकेंद्र सिंह पंवर मैदान में उतर गए हैं। नगर निगम के पूर्व उपमहापौर टिकेंद्र पंवर ने मंगलवार को चौड़ा मैदान से सीटीओ तक रैली निकालने के बाद उपायुक्त कार्यालय में अपना नामांकन भरा।
नामांकन भरने के बाद टिकेंद्र ने कहा कि जनता कांग्रेस और भाजपा के झूठे वायदों से परेशान हो चुके हैं। जनता को राहत दिलाने के लिए वह मैदान में उतरे हैं। माकपा ने बीते विधानसभा चुनाव में पूर्व मेयर संजय चौहान को मैदान में उतारा था। इस बार पूर्व डिप्टी मेयर टिकेंद्र माकपा की ओर से चुनौती पेश करेंगे। नामांकन के साथ दिए शपथपत्र के अनुसार टिकेंद्र 2.22 करोड़ रुपये की चल अचल संपत्ति के मालिक हैं। इनमें करीब 22 लाख रुपये बैंक खाते, नगदी, एफडी और एलआईसी के तौर पर जमा है।
एचपीयू यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएट टिकेंद्र ने एनटीयू सिंगापुर से अर्बन स्टडीज में डिप्लोमा और जर्मनी से अर्बन मोबिलिटी में डिप्लोमा किया है। राजधानी शिमला में अब माकपा के दो प्रत्याशी मैदान में हैं। इससे पहले कसुम्पटी विधानसभा क्षेत्र से माकपा नेता डॉ. कुलदीप सिंह तंवर ने भी नामांकन भर दिया है।