फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

शाह ने किया एलान, हिमाचल विस चुनाव में इन्हें मिलेगी टिकट

Fri, 05 May 2017 11:42 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, पालमपुर (कांगड़ा)
विज्ञापन
विज्ञापन
हिमाचल में इस साल प्रस्तावित विधानसभा चुनाव में भाजपा के सीएम चेहरे का रहस्य अभी बरकरार रहेगा। दो दिवसीय दौरे पर बुधवार को पालमपुर पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि सीएम के चेहरे पर पार्टी ने अभी कोई फैसला नहीं लिया है। भाजपा इस बार चुनाव में नए चेहरों को उतारेगी और तीन चौथाई बहुमत से सत्ता में वापसी करेगी। 
विज्ञापन



पत्रकारों से बातचीत में शाह ने कहा कि वह हिमाचल में पार्टी के विस्तार और संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा कर मजबूती देने के लिए आए हैं। अब चुनाव कभी भी हो जाएं, भाजपा लड़ने के लिए तैयार है। हिमाचल भाजपा के नेताओं के साथ उन्होंने कुछ दिन पहले दिल्ली में बैठक की थी, जिसमें चुनाव की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। अभी तक की तैयारियां संतोषजनक हैं। यहां सब ठीक चल रहा है।

हर सीट को मजबूत बनाने का काम हो चुका है। अन्य राज्यों में जिस तरह जनता भाजपा को पूर्ण बहुमत देकर मोदी सरकार की विकास यात्रा से जुड़ी है, उसी तरह हिमाचल की जनता को भी जुड़ना चाहिए। वन रैंक वन पेंशन का जिक्र करते हुए शाह ने कहा कि इसका सबसे ज्यादा फायदा हिमाचल को मिला है।
विज्ञापन

भ्रष्टाचार का तमगा सीने से लगाकर कुर्सी से चिपके हैं सीएम

शाह ने हिमाचल के मुख्यमंत्री पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि उन्होंने पहली मर्तबा ऐसा सीएम देखा, जो भ्रष्टाचार के आरोप का तमगा सीने से लगाकर कुर्सी से चिपका हो। प्रदेश सरकार भ्रष्टाचार में डूबी है। वन माफिया को संरक्षण दे रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पर केस यूपीए सरकार के समय से चल रहे हैं न कि मोदी सरकार ने चलाए हैं।

मुख्यमंत्री रिटायर लोगों के सहारे सरकार चला रहे हैं। इससे युवाओं को मौका नहीं मिल पा रहा। केंद्र से जो भी पैसा आ रहा है, उसका मुख्यमंत्री सदुपयोग नहीं कर रहे हैं। भाजपा ने 3 साल में हिमाचल को 61 एनएच की मंजूरी दी लेकिन, मुख्यमंत्री डीपीआर तक नहीं बनवा पाए। यहां तक कि डीपीआर बनवाने के लिए केंद्र ने हिमाचल सरकार को 229 करोड़ रुपये दिए हैं।

उन्होंने प्रदेश सरकार से अपील करते हुए कहा कि शेष बचे कार्यकाल में केंद्र से मिली आर्थिक सहायता को खर्च करें। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने हिमाचल को आर्थिक मदद देने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। 13वें वित्त आयोग के मुकाबले 14वें वित्त आयोग में हिमाचल को सेंट्रल टैक्स की हिस्सेदारी के रूप में तीन गुना अधिक राशि दी है। अनुदान के रूप में दी जाने वाली राशि में भी 6 गुना बढ़ोतरी की है।

मोदी सरकार पर विरोधी भी नहीं लगा पाए भ्रष्टाचार के आरोप

शाह ने कहा कि तीन साल के कार्यकाल में मोदी सरकार पर एक भी घोटाले का आरोप नहीं लगा है। यहां तक कि विरोधी भी भ्रष्टाचार का आरोप नहीं लगा पाए। पिछले तीन वर्ष में भारत की अर्थव्यवस्था दुनिया भर में ऊंचाई पर है। यूपीए सरकार में अर्थव्यवस्था को पॉलिसी पैरालिसिस हो गया था।

सरकार बनने के दौरान मोदी सरकार जितनी लोकप्रिय थी, आज उससे और ज्यादा लोकप्रिय हो गई है। लंबे समय बाद किसी सरकार को हर चुनाव में जनादेश मिलता जा रहा है। यूपीए सरकार में तो पिछड़े वर्ग तक को समाज में सम्मान नहीं मिल रहा था। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के नोटबंदी के कदम से बेहतरीन परिणाम आए हैं।
विज्ञापन

कश्मीर समस्या पर मोदी सरकार गंभीर

जम्मू-कश्मीर में पिछले कुछ दिनों से एलओसी पर बिगड़े हालात को लेकर शाह ने कहा कि कश्मीर समस्या को मोदी सरकार गंभीरता से देख रही है। मसले के हल के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी। पाकिस्तान को उसकी हरकत का जवाब सेना दे रही है। हरियाणा में


पार्टी में मतभेद के सवाल पर उन्होंने कहा कि ऐसा सिर्फ मीडिया तक सीमित है। हरियाणा सरकार में कोई मतभेद नहीं है। पार्टी में 70 वर्ष से ज्यादा उम्र के नेताओं को टिकट देने के सवाल पर उन्होंने कहा कि 70 वर्ष उम्र की कोई सीमा नहीं रखी गई है। इससे ज्यादा उम्र के नेता भी चुनाव लड़ सकते हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें