मेट्रो स्टेशन में लिया है तीनों ने आश्रय, अभिभावकों ने हेल्पलाइन नंबर पर दी सूचना
शिमला। राजधानी शिमला के तीन मेडिकल विद्यार्थी यूक्रेन के खारकीव अंडर ग्राउंड मेट्रो स्टेशन में फंसे हुए हैं। बाहर बरस रहे बम के धमाकों से घबराए विद्यार्थियों ने अभिभावकों से बातचीत में यह जानकारी दी। मेट्रो स्टेशन में फंसी खलीनी की छात्रा अनुष्का कुठियाला, विकासनगर की अदिति और करसोग मंडी के छात्रा शिवांश शामिल हैं। तीनों ने फोन पर बात कर बताया कि उन्होंने किराये के घर खाली कर दिए थे। ढाई दिन से वे इसी मेट्रोस्टेशन पर पहले से खरीदी खाद्य सामग्री खाकर गुजारा कर रहे हैं। वापसी की कोई संभावना नहीं लग रही है। अनुष्का कुठियाला के पिता राजीव कुठियाला, अदिति के पिता नरेश शर्मा और शिवांश के पिता राकेश ने बताया कि बच्चों के वहां फंसे होने की सूचना 1100 हेल्पलाइन नंबर पर दर्ज करवा दी है। एंबेसी को भी सूचित कर दिया है। अभिभावकों ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और केंद्र सरकार से बच्चों को सुरक्षित भारत लाने की गुहार लगाई है। कुठियाला ने कहा कि बच्चों के पास खाने का सामान भी समाप्त होने वाला है।