सराज विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत बागाचनोगी के गांव छोयाधार में बुधवार शाम करीब छह बजे आग लगने से नौ कमरों का तीन मंजिला मकान जलकर राख हो गया। इस भवन का प्रयोग गोशाला के रूप में किया जा रहा था।
इस भवन में तीन भाइयों की संयुक्त गोशाला थी। आग लगने के कारणों का पता नहीं लग पाया है। अचानक आग भड़की और चंद लम्हों में लकड़ी से बना पूरा भवन जलकर राख हो गया। बताया जा रहा है कि इसमें तीनों परिवारों के आधा दर्जन से अधिक मवेशी बंधे हुए थे।
आग लगने के बाद ग्रामीणों की मदद से मवेशियों को बचा लिया गया है। उधर प्रधान ने अग्निकांड की सूचना प्रशासन को दे दी है और प्रभावितों को उचित मुआवजे की मांग उठाई है। बागाचनोगी पंचायत के प्रधान परमदेव ने घटना की पुष्टि की है।
उन्होंने कहा कि तीन भाइयों मंगल सिंह, दिले राम और ताराचंद की संयुक्त गोशाला थी। आग के कारणों का पता नहीं चल पाया है। उन्होंने बताया कि आग लगने से आसपास के भवनों को भी खतरा हो गया था लेकिन ग्रामीणों की मदद से आग को फैलने से रोक गया है।