मनाली-लेह नेशनल हाईवे पर दीपक ताल के पास बुधवार को एक ट्रक के गहरी खाई में गिरने से उसमें सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए हैं। हादसा इतना खतरनाक था कि ट्रक के परखचे उड़ गए। भारतीय सेना के जवानों ने घंटों तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर घायलों को अस्पताल तक पहुंचाया। शवों को भी सेना के जवानों की मदद से बाहर निकाला जा सका।
जानकारी के अनुसार सीमा सड़क संगठन के अधीन कार्यरत एक निजी कंपनी का ट्रक (एचपी 72-8299) जिंगजिंगबार से दारचा की ओर जा रहा था। बुधवार दोपहर करीब 12:00 बजे दीपक ताल के समीप ट्रक अचानक सड़क से लुढ़ककर करीब 50 फीट नीचे जा गिरा। गहरी खाई में गिरने से ट्रक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। सूचना मिलते ही तहसीलदार केलांग नरेंद्र और भारतीय सेना और पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची।
घायलों को सेना की एंबुलेंस में केलांग अस्पताल पहुंचाया गया। मृतकों में दो व्यक्ति हिमाचल से हैं, जबकि एक पंजाब का बताया जा रहा है। मृतकों की पहचान लक्षदीप पुत्र रणवीर कुमार निवासी वार्ड नंबर एक, गांव व डाकघर भंजाल, तहसील घनारी, जिला ऊना, नीरज चौधरी पुत्र प्रेम सिंह, गांव मांगूमेरा, डाकघर अमरोह, तहसील मुकेरियां जिला होशियारपुर पंजाब और ललित कुमार पुत्र बलबीर सिंह, गांव भक्तपुर, डाकघर तलाई, तहसील झंडूता जिला बिलासपुर के रूप में हुई है।
हादसे में अकबर पुत्र नमलु निवासी गांव झाला, थाना टेरागाज, जिला किशनगंज बिहार, दीपक पुत्र धर्म सिंह गांव डोहग, डाकघर जेजवीं, तहसील झंडुता, थाना शाहतलाई, जिला बिलासपुर, जितेंद्र कुमार पुत्र बनू लाल गांव पीपरा, पंचायत हाटगांव पोस्ट बैरिया, वार्ड आठ टेढ़ागाछ, जिला किशनगंज बिहार घायल हो गए। पुलिस अधीक्षक लाहौल-स्पीति मानव वर्मा ने हादसे की पुष्टि की है।