हिमाचल के डलहौजी में एक कार के रावी नदी में गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई है। मृतकों में दो शिक्षक थे जबकि तीसरा पंचायत उप प्रधान था। पुलिस के अनुसार चमेरा बांध (चौहड़ा) के समीप वीरवार दोपहर बाद करीब सवा तीन बजे एक कार रावी में गिर गई।
हादसे में तीन की मौत हो गई जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को टांडा रेफर किया गया है। मृतकों में दो शिक्षक और एक भुनाड़ पंचायत का उपप्रधान है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिए है।
जानकारी के मुताबिक सुंडला से खैरी की तरफ आ रही मारुति कार एचपी 73- 1872 बाद दोपहर चौहड़ा बांध के समीप सुरंग से निकलते ही रावी नदी में जा गिरी। इसमें भुनाड़ निवासी ज्ञासो (50) पुत्र मंगतू, भुनाड़ पंचायत के उपप्रधान शमशदीन (40) पुत्र हमीद तथा भुनाड़ निवासी अशोक कुमार पुत्र दीवान चंद की मौके पर ही मौत हो गई।