तीनों वॉलीबाल खिलाड़ियों का अंतरराष्ट्रीय कोचिंग कैंप के लिए चयन
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। जिला शिमला के जुब्बल स्थित ठाकुर रामलाल हॉस्टल की ख्याति धांटा, रिया और प्रीति अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चमक बिखेरने को तैयार हैं। तीनों वॉलीबाल खिलाड़ियों का चयन अंतरराष्ट्रीय कोचिंग कैंप के लिए हुआ है। यह कैंप 3 नवंबर से 2 दिसंबर तक झारखंड के रांची में लगेगा। सहायक जिला शारीरिक शिक्षा अधिकारी संतोष चौहान ने यह जानकारी दी। चीन के शांगलुओ में 4 से 13 दिसंबर तक आईएसएफ अंडर-15 लड़कियों की वॉलीबाल चैंपियनशिपप का आयोजन किया जाना है। पुणे में 29 और 30 अगस्त को ट्रायल लिए गए। इस ट्रायल में देशभर की वॉलीबाल खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। इसमें हिमाचल प्रदेश, कर्नाटक, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, केरल, महाराष्ट्र, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, गुजरात और छत्तीसगढ़ से करीब 23 खिलाड़ियों का कैंप के लिए चयन हुआ है। वहीं स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के महासचिव डॉ. अमरजीत कुमार शर्मा ने बताया कि कोचिंग कैंप में अंतिम 12 खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा। स्कूल शिक्षा निदेशक आशीष कोहली ने कोचिंग कैंप में चयन होने पर खिलाड़ियों को बधाई दी है।