हिमाचल के शिमला जिले के उपमंडल ठियोग के साथ लगते देहा थाना के तहत आने वाले जजेयां में एक कार हादसे में तीन लोग काल का ग्रास बन गए, जबकि हादसे में एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने मामला दर्जकर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक उपमंडल के जजेयां के समीप चालक के नियंत्रण खोने से एक जिप्सी सड़क से नीचे खाई में जा गिरी।
शाम करीब पौने पांच बजे हुए इस हादसे में केवल राम (64) पुत्र लगनु राम, कमला देवी (58) पत्नी केवल राम गांव जजेयां और सुनीता पत्नी सीता राम गांव भल्या ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि हादसे में अनिता (52) पत्नी प्रेम लाल गांव भेल्या गंभीर रूप से घायल हो गईं। स्थानीय लोगों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस का दल मौके पर पहुंचा।
पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से मृतकों और घायल को बाहर निकाला गया। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए ठियोग अस्पताल लाया गया है, जबकि घायल महिला का उपचार चल रहा है। हादसे की पुष्टि करते हुए डीएसपी ठियोग कुलविंदर सिंह ने बताया कि कार हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई है। मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों सौंप दिया जाएगा।