उच्च शिक्षा निदेशालय ने दी अनुमति, डिजिटल खतरों से बचाव की मिलेगी जानकारी
विज्ञापन
उच्च शिक्षा निदेशक सुनीता सिंह ने जारी किए आदेश संवाद न्यूज एजेंसी शिमला। प्रदेश के सरकारी डिग्री कॉलेजों में विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), डिजिटल सुरक्षा और नई तकनीकों की जानकारी दी जाएगी। उच्च शिक्षा निदेशालय ने जालंधर की कंपनी थ्रेड सिक्योरिटी को प्रदेश के सरकारी कॉलेजों में विशेषज्ञ व्याख्यान आयोजित करने की अनुमति प्रदान की है। इस संबंध में उच्च शिक्षा निदेशक सुनीता सिंह ने आदेश जारी किए हैं।
यह अनुमति शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए दी है। इसके तहत कंपनी के विशेषज्ञ कॉलेजों में जाकर विद्यार्थियों को साइबर अपराध, ऑनलाइन धोखाधड़ी, डिजिटल जानकारी की सुरक्षा और एआई के उपयोग से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी देंगे। इससे विद्यार्थियों को तकनीक के सुरक्षित इस्तेमाल और डिजिटल खतरों से बचाव के तरीकों को समझने का अवसर मिलेगा। कंपनी को किसी भी कॉलेज में कार्यक्रम आयोजित करने से पहले संबंधित प्रधानाचार्य से अनुमति लेनी होगी। व्याख्यान की तारीख और समय भी प्रधानाचार्य की सहमति से तय किए जाएंगे। कार्यक्रम के कारण नियमित कक्षाओं, परीक्षाओं और अन्य शैक्षणिक गतिविधियों पर असर नहीं पड़ना चाहिए। निदेशालय ने स्पष्ट किया है कि यह अनुमति केवल विशेषज्ञ व्याख्यान आयोजित करने तक सीमित रहेगी। इसके लिए सरकार या शिक्षा विभाग पर किसी तरह का वित्तीय बोझ नहीं पड़ेगा।