इससे हिमाचल के हजारों गांवों में पेयजल संकट गहरा गया है। बर्फ पिघलाकर पानी का जुगाड़ करना लोगों की मजबूरी बन गया है। शिमला में भी शनिवार सुबह पाइपों में पानी जम गया। शहर में दोपहर बाद बस सेवाएं आंशिक रूप से शुरू हो सकीं। रोहतांग में पांच, चुराह में तीन फीट तक बर्फ गिरी, जबकि राजधानी शिमला के जाखू में तीन साल बाद डेढ़ फीट तक बर्फबारी दर्ज की गई।
शिमला-नारकंडा, आनी-जलोड़ी जोत दो एनएच सहित दर्जनों ग्रामीण रूट ठप हैं। रामपुर डिपो से कुल्लू, मंडी, ननखड़ी सहित अधिकतर ग्रामीण रूटों पर बस सेवाएं शनिवार को बंद रहीं। किन्नौर के रोघी गांव में तूफान से भारी नुकसान है। तूफान से तीन घरों की छतें उड़ गईं। चंबा जिले में भारी बारिश और बर्फबारी के दूसरे दिन भी जनजीवन पटरी पर नहीं लौट पाया है।
पांगी-भरमौर की ऊपरी चोटियों में 152.4 सेंटीमीटर तक बर्फबारी हुई है। भरमौर-पठानकोट हाईवे 14 घंटे फिसलन के चलते यातायात के लिए बंद रहा। पांगी में दूसरे दिन भी कुल्लू-मनाली और किलाड़ वाया जम्मू समेत पांगी के सभी मुख्य मार्ग यातायात के लिए बहाल नहीं हो पाए।
जिला कुल्लू और लाहौल-स्पीति में हुई भारी बर्फबारी के बाद शनिवार दोपहर बाद मौसम खुलने से पर्यटकों के साथ-साथ आम लोगों ने राहत की सांस ली है। मनाली से पतलीकूहल तक नेशनल हाईवे में केवल फोर बाई फोर वाहन ही चल रहे हैं। ऐसे में मनाली में सैकड़ों सैलानी फंसे हैं। बर्फबारी के चलते सराज क्षेत्र के रघुपुर फोर्ट में फंसे 12 पर्यटकों को रेस्क्यू कर लिया गया है।
बर्फबारी से एचआरटीसी के 780 रूट बंद
भारी बर्फबारी के चलते हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की बस सेवाएं प्रभावित चल रही हैं। शनिवार को एचआरटीसी के चार मंडलों में कुल 780 रूटों पर बस सेवाएं प्रभावित रहीं, जबकि 235 बसें विभिन्न मार्गों पर फंसी रहीं। सैलानियों की सुविधा के लिए शिमला-दिल्ली, पतलीकूहल-दिल्ली, चंबा-दिल्ली, धर्मशाला-चंडीगढ़ रूटों पर सेवाएं बहाल कर दी हैं।
सबसे अधिक सेवाएं शिमला मंडल में प्रभावित चल रही हैं, यहां 594 रूटों पर शनिवार को बस संचालन ठप रहा और 152 बसें रास्ते में फंसीं हैं। मंडी मंडल में 89 रूट बंद रहे और 47 बसें फंसीं, जबकि धर्मशाला मंडल में 88 रूटों पर सेवाएं निलंबित की गईं और 29 बसें प्रभावित हुईं। एचआरटीसी के प्रबंध निदेशक डॉ. निपुण जिंदल ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एहतियातन बस सेवाएं रोकी गई हैं।
26 से 28 तक फिर बारिश-बर्फबारी का येलो अलर्ट
हिमाचल प्रदेश में रविवार को मौसम साफ बने रहने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने 26 से 28 जनवरी तक प्रदेश में फिर बारिश और बर्फबारी का येलो अलर्ट जारी किया है। 27 को उच्च व मध्य पर्वतीय जिलों में व्यापक बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बर्फबारी होने का पूर्वानुमान है। शिमला, कुल्लू, चंबा, किन्नौर, लाहौल-स्पीति, मंडी और कांगड़ा जिलों के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है। ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, सोलन, सिरमौर और कांगड़ा के कई क्षेत्रों में बारिश के आसार हैं। कई जिलों के लिए ओलावृष्टि, बिजली चमकने और अंधड़ चलने का येलो अलर्ट भी जारी हुआ है।