रिज मैदान, माल रोड और लक्कड़ बाजार में दिनभर रही रौनक
कैफे-रेस्तरां से लेकर लिफ्ट तक पर्यटकों की लंबी कतारें
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। मैदानों इलाकों में पड़ रही गर्मी से राहत पाने के लिए बड़ी संख्या में सैलानी शिमला पहुंचे। रविवार को दिनभर रिज मैदान, माल रोड, लक्कड़ बाजार सहित आसपास के इलाकों में सैलानियों की खूब चहल पहल रही। इस बीच शिमला में बादल छा गए। पर्यटकों ने ठंडी हवा के बीच घूमने का मजा लिया।
वीकेंड के चलते छुट्टी मनाने हजारों सैलानी शिमला पहुंचे। रविवार को भी शिमला में सैलानियों की आवाजाही जारी रही। दिन के समय गर्मी रही, लेकिन हल्के बादल आने पर ठंडी हवा भी चलती रही। शिमला पहुंचे सैलानी यहां के मौसम से रोमांचित हुए। पंजाब से अपने परिवार के साथ घूमने पहुंचे जसविंदर सिंह ने बताया कि मैदानी इलाकों में इन दिनों लू चल रही है।
शिमला में गर्मी तो है, लेकिन यहां मौसम अचानक करवट भी बदल रहा है जिससे राहत मिलती है। इस दौरान बाहरी राज्यों से आए लोगों ने घुड़सवारी भी की, वहीं विदेशी सैलानी शिमला के सुंदर नजारों को अपने कैमरों में कैद करते हुए नजर आए। रेस्तरां और कैफे में दिनभर खूब भीड़ रही। इस दौरान कार्ट रोड से माल रोड को जोड़ने वाली पर्यटन विकास निगम की लिफ्ट में पूरे दिन सैलानियों की खूब भीड़ रही। शिमला पहुंचे सैलानियों ने कुफरी, नारकंडा, मशोबरा, नालदेहरा और तत्तापानी का भी रुख किया।
शिमला में होटलों की बुकिंग भी बढ़ गई है। इससे पर्यटन उद्योग को बड़ी राहत मिल रही है। मौसम विभाग ने आगामी दिनों में शिमला सहित अन्य हिल स्टेशनों में बारिश और पहाड़ियों पर बर्फबारी का अनुमान जताया है, जिससे मौसम और भी सुहावना होने की संभावना है। शिमला में पर्यटकों की बढ़ती संख्या से स्थानीय व्यापारियों और होटल व्यवसायियों के चेहरे खिलने शुरू हो गए हैं।