4 दिसंबर को होने जा रहे परख सर्वेक्षण-24 से पहले स्कूलों में विद्यार्थियों के लिए तीसरा मॉक टेस्ट मंगलवार को कराया जा रहा है। मॉक टेस्ट में अबकी बार सरकारी स्कूलों के साथ निजी स्कूलों के बच्चे भी शामिल होंगे। मॉक टेस्ट के लिए समग्र शिक्षा ने पूरी तैयारियां कर ली हैं। स्कूली बच्चों के सीखने की क्षमता जांचने के लिए 4 दिसंबर को होने वाले परख सर्वे के लिए प्रदेश के स्कूलों में बड़े स्तर पर तैयारियां कराई जा रही हैं। इसका आकलन करने के लिए समग्र शिक्षा 19 नवंबर को मॉक टेस्ट कराने जा रहा है। यह मॉक टेस्ट सुबह 10:30 बजे शुरू होगा जोकि ओएमआर शीट पर कराया जाएगा। टेस्ट में करीब 18 हजार स्कूलों के विद्यार्थी शामिल होंगे।
मॉक टेस्ट के माध्यम से तीसरी व छठी कक्षा के बच्चों का भाषा, गणित और ईवीएस और 9वीं कक्षा के बच्चों का भाषा, गणित, विज्ञान और सामाजिक विज्ञान विषयों का ज्ञान परखा जाएगा। समग्र शिक्षा की ओर से इसके लिए ओएमआर शीट और अन्य सामग्री स्कूलों को उपलब्ध कराई गई है। इससे पहले स्कूलों में दो मॉक टेस्ट कराए जा चुके हैं। पहला मॉक टेस्ट 10 सितंबर और दूसरा 9 अक्तूबर को कराया गया था। इन दोनों टेस्ट की रिपोर्ट तैयार कर इनमें पाई गई कमियां दूर करने के लिए जरूरी निर्देश स्कूलों को जारी किए गए।