सरकारी प्राइमरी स्कूल के गेट का पिल्लर गिरने से तीसरी कक्षा के छात्र की मौत हो गई। स्कूल गेट के पिल्लर पर प्लास्टर भी नहीं हुआ था। मामला हिमाचल के ऊना जिले के उपमंडल अंब का है। छुट्टी के बाद जैसे ही कुछ बच्चे दीवार पर चढ़े पिल्लर भरभराकर छात्र पर गिर गया। सिर पर गंभीर चोट लगने से अस्पताल ले जाते बच्चे ने रास्ते में दम तोड़ दिया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार सूरी के राजकीय प्राथमिक पाठशाला पलोह में छुट्टी के बाद सभी बच्चे घर जाने के लिए बाहर निकले। इस दौरान संभवतया कुछ बच्चे दीवार पर चढ़ गए। उनके धक्के से बिना प्लास्टर का स्कूल गेट का पिल्लर तीसरी कक्षा के छात्र आर्यन पुत्र राम कुमार पर गिर गया।
पिल्लर की ईंटों से उसके सिर पर गहरे जख्म हो गए। अध्यापक उसे क्षेत्रीय अस्पताल ऊना ले जा रहे थे, लेकिन बच्चे ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। आर्यन का पिता राज मिस्त्री का काम करता है जबकि उसकी बड़ी बहन सूरी स्कूल में नौवीं कक्षा की छात्रा है।
अंब के प्रोबेशनर डीएसपी सीपी सिंह ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है। प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक हंसराज गुलेरिया ने बताया कि अभी मैं शिमला में हूं। मामले की विभागीय जांच करवाई जाएगी।