हिमाचल प्रदेश में स्मार्ट बिजली मीटरों की स्थापना का अभियान पूर्व निर्धारित योजना के अनुसार जारी रहेगा। हमीरपुर में एक उपभोक्ता से जुड़े न्यायिक मामले के बाद प्रदेशभर में स्मार्ट मीटरों की स्थापना पर रोक लगने की चर्चाओं के बीच बिजली बोर्ड प्रबंधन ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि स्मार्ट मीटरों की स्थापना पर किसी प्रकार की रोक नहीं है और यह अभियान बिना किसी बाधा के जारी रहेगा। बोर्ड के अनुसार हमीरपुर के लंबलू निवासी जैमल सिंह की ओर से दायर मामले में सिविल न्यायाधीश हमीरपुर ने एक अंतरिम आदेश पारित किया था, जिसे लेकर गलतफहमियां पैदा हो गई थीं। यह आदेश केवल एक उपभोक्ता के व्यक्तिगत मामले तक सीमित था और इसका प्रदेशभर में चल रहे स्मार्ट मीटर परियोजना से कोई संबंध नहीं था।