एचपीयू के आंबेडकर भवन में ट्रेड फेयर का आगाज, विद्यार्थियों ने पारंपरिक व्यंजनों के लगाए स्टॉल
विज्ञापन
जूट बैग, हस्तशिल्प वस्तुएं और कपड़े भी बिक रहे संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला का परिसर देसी आचार, सिड्डू और गाजर के हलवे की खुशबू से महक उठा है। विवि के वाणिज्य विभाग की ओर से आंबेडकर भवन में ट्रेड फेयर वीरवार को शुरू हो गया। इसमें विद्यार्थियों और महिला उद्यमियों ने पारंपरिक व्यंजनों के स्टॉल लगाए हैं।
फेयर का शुभारंभ कुलपति प्रो. महावीर सिंह ने किया। मेले का उद्देश्य विद्यार्थियों और स्थानीय उद्यमियों को ऐसा मंच देना है जहां वह अपने व्यावसायिक विचारों और उत्पादों को लोगों के सामने प्रस्तुत कर सकें।
मेले में विद्यार्थियों और महिला उद्यमियों ने अपने स्टॉल लगाए हैं। इनमें जूट बैग, हस्तशिल्प वस्तुएं, कपड़े, मेहंदी, सदरी (जैकेट), पारंपरिक रेज्टा, देसी आचार, पेस्ट्री, केक, सिड्डू, गाजर का हलवा, मालपुड़े और जूस जैसी वस्तुएं आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। कुलपति प्रो. महावीर सिंह ने कहा कि छात्रों की तैयार वस्तुओं को बिक्री के लिए प्रस्तुत करना आत्मनिर्भरता की दिशा में एक सराहनीय कदम है। उन्होंने कहा कि भविष्य में विश्वविद्यालय के आयोजनों में लघु उद्यमियों और हिमाचली पारंपरिक उत्पादों को बढ़ावा दिया जाएगा। इस अवसर पर कुलपति ने वाणिज्य विभाग के आचार्य राज कुमार की पुस्तक कॉरपोरेट गवर्नेंस एंड बिजनेस एथिक्स का विमोचन किया। उन्होंने कहा कि यह आयोजन विद्यार्थियों की रचनात्मकता और नवाचार का उदाहरण है जो उन्हें व्यावहारिक ज्ञान के साथ आत्मविश्वास भी देता है।