शराब ठेका बंद करने की मांग को लेकर किया चक्का जाम
- फोटो : संवाद
हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले के कलर नकराना गांव में शराब ठेके को बंद करवाने के लिए स्थानीय ग्रामीणों ने चक्का जाम कर दिया। लंबे समय से इस ठेके को बंद करने की मांग की जा रही थी, लेकिन प्रशासनिक अधिकारियों से कई बार मिलने के बाद भी कार्रवाई नहीं होने के कारण गांववालों को अब सड़क पर उतरना पड़ा है। हिमाचल और पंजाब की सीमा पर स्थित होने के कारण इस क्षेत्र में सस्ती शराब मिलती है, जिससे शराब के शौकिनों का जमावड़ा रहता है।
इस स्थिति के चलते गांव की महिलाओं और अन्य ग्रामीणों को रोजमर्रा की आवाजाही में कठिनाई का सामना करना पड़ता है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि ठेके के कारण गांव का माहौल खराब हो रहा है और युवाओं पर इसका नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है। महिलाओं ने विशेष रूप से इस समस्या को उठाते हुए कहा कि ठेका बंद करवाने की उनकी यह मांग लंबे समय से अनसुनी की जा रही थी।