महापौर सुरेंद्र चौहान और उपमहापौर उमा कौशल ने लिया जाएजा संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। शहर के वार्डों में नगर निगम टूटी सड़कों को पक्की करने जा रहा है। नगर निगम ने शहर के छोटा शिमला से मजीठा हाउस, धोबीघाट होकर एसजेवीएनएल सड़क को पक्का करने का काम शुरू कर दिया है। निगम ने शनिवार को यहां पर काम शुरू कर दिया है।
निगम के अनुसार रविवार को भी यहां पर काम चलेगा। निगम ने लोगों से कहा है कि सड़क को नुकसान न हो इसलिए यहां से आवाजाही न करें। शहर में भारी बरसात के कारण वार्डों की सड़कों की हालत खस्ता हो गई है। आलम यह है कि सड़कों में करीब आधा-आधा फुट के गड्ढे हो गए हैं। इस वजह से चालकों को गाड़ियां चलाना मुश्किल हो गया है। इसके अलावा पैदल चलने वाले लोगों को खासतौर पर रात के अंधेरे में पैदल सफर करना मुश्किल हो रहा है। लोगों की शिकायतें आने के बाद निगम ने यह फैसला लिया है। यही वजह है कि मौसम साफ होने के बाद निगम ने काम शुरू कर दिया है। निगम के महापौर सुरेंद्र चौहान और उप महापौर उमा कौशल ने बताया कि आने वाले दिनों में मशोबरा, टूटीकंडी, समरहिल, मॉलरोड, रिज पर पैचवर्क के अलावा हाइकोर्ट के पास सड़क को पक्का किया जाएगा।