रोज शाम को ली जाएगी सफाई व्यवस्था पर रिपोर्ट
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। केंद्रीय स्वच्छता सर्वेक्षण की टीम के शिमला आने से पहले नगर निगम ने शहर को साफ सुथरा बनाने की कवायद शुरू कर दी है। इसके लिए निगम ने आयुक्त कार्यालय में स्वच्छता वाॅर रूम स्थापित कर दिया है। महापौर सुरेंद्र चौहान ने बुधवार को इसका शुभारंभ किया।
इस वाॅर रूम से शहर के सभी 34 वार्डाें में होने वाले सफाई के कामों, इससे जुड़ी शिकायतों, इनके निपटारे आदि पर नजर रखी जाएगी। रोजाना शाम को वाॅर रूम में अफसरों की बैठक होगी। इसमें रोज किए जाने वाले कामों की रिपोर्ट पेश की जाएगी। नगर निगम ने शहर को सफाई की दृष्टि से सात सेक्टरों में बांटा है। हर सेक्टर में सफाई व्यवस्था पर निगरानी रखने के लिए अधिकारी की तैनाती की गई है। अधिकारी रोजाना सुबह अपने वार्डाें में जाकर सफाई के कामों का जायजा भी लेंगे। लोगों की शिकायतों का निपटारा हुआ या नहीं, किन इलाकों से ज्यादा शिकायतें आ रही हैं, इसका भी जायजा लिया जाएगा। महापौर सुरेंद्र चौहान ने कहा कि जनता की फीडबैक लेने और उन्हें स्वच्छता के लिए जागरूक करने को लेकर क्यूआर कोड भी शेयर किया जाएगा। पार्षदों की अगुवाई में वार्डाें में सफाई अभियान चलेंगे। प्रयास रहेगा कि इस बार शिमला शहर स्वच्छता सर्वेक्षण की रैंकिंग में अच्छा स्थान हासिल करे।