नगर निगम और पुलिस मिलकर अगले हफ्ते से शुरू करेंग कार्रवाई, तहबाजारियों को पहले जारी हो चुके हैं नोटिस
विज्ञापन
एक महीने की नोटिस अवधि पूरी होने पर होगी कार्रवाई अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। राजधानी के लोअर बाजार के दर्जनों तहबाजारी आजीविका भवन में शिफ्ट होने को तैयार नहीं हो रहे हैं। नगर निगम के नोटिस के बावजूद एक भी तहबाजारी ने बाजार से शिफ्टिंग नहीं की है। ऐसे में अब नगर निगम पुलिस की मदद से इन्हें शिफ्ट करने जा रहा है।
इसके लिए नगर निगम ने जिला पुलिस को पत्र भी लिख दिया है। अगले हफ्ते से सख्त कार्रवाई शुरू करने की तैयारी है। नगर निगम के अनुसार शहर के लोअर बाजार को नो वेंडिंग जोन घोषित किया है। नियमानुसार अब यहां तहबाजारी दुकानें नहीं सजा सकते। बाजार में अभी 70 से ज्यादा तहबाजारी कारोबार कर रहे हैं। इन तहबाजारियों के लिए नगर निगम ने आजीविका भवन में सामान बेचने के लिए स्टॉल तैयार किए हैं। तहबाजारियों को आजीविका भवन में शिफ्ट होने के लिए बीते महीने नोटिस भी जारी किए थे। एक महीने के भीतर अपना सामान आजीविका भवन में ले जाने को कहा था। हालांकि, तहबाजारियों पर इस नोटिस का असर नहीं हुआ। यह अभी भी लोअर बाजार में सड़कों और रास्तों पर बैठकर दुकानें सजा रहे हैं। इससे बाजारों में अतिक्रमण हो रहा है। आम लोगों का पैदल चलना तक मुश्किल हो रहा है। ऐसे में अब निगम ने सख्ती का फैसला लिया है। नगर निगम के अतिरिक्त आयुक्त डॉ. भुवन शर्मा ने कहा कि लोअर बाजार से तहबाजारी शिफ्ट किए जा रहे हैं। इन्हें आजीविका भवन भेजा जाएगा।
विज्ञापन
तहबाजारियों को चुकाना होगा शुल्क
आजीविका भवन में शिफ्ट होने वाले तहबाजारियों को प्रतिमाह 1200 रुपये शुल्क भी चुकाना होगा। हालांकि तहबाजारी इस शिफ्टिंग का विरोध कर रहे हैं। इनका कहना है कि आजीविका भवन में बेहद कम लोग आवाजाही करते हैं। इससे उनका कारोबार चौपट हो जाएगा। दूसरा आजीविका भवन जाने वाले रास्ते खस्ताहाल है। सब्जी मंडी के पास गंदगी और बदबू के कारण कम ही लोग आवाजाही करते हैं।
चार तहबाजारियों का सामान जब्त
नगर निगम की संपदा शाखा की टीम ने वीरवार को निरीक्षक रमेश ठाकुर की अगुवाई में बाजारों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान मालरोड पर लिफ्ट के पास फल बेच रहे एक तहबाजारी का सामान जब्त किया गया है। बाकी तहबाजारी निगम टीम को देखकर गलियों में भाग गए। निगम टीम ने एजी चौक के पास भी एक तहबाजारी का सामान जब्त किया। बालूगंज से दो तहबाजारियों का सामान जब्त किया गया है।