शिमला। गंज बाजार में स्थित राधा-कृष्ण मंदिर में आयोजित शिव महापुराण कथा के अंतिम दिन मंगलवार को शिव बारात और तारकासुर वध का प्रसंग सुनाया गया। दोपहर 3 बजे से शुरू हुई कथा में कथावाचक अमित कृष्ण शास्त्री महाराज ने कहा कि सच्ची श्रद्धा और भक्ति से शिव कृपा प्राप्त होती है जिससे जीवन के कष्ट दूर होते हैं और आत्मिक शांति और मोक्ष का मार्ग प्रशस्त होता है। इस दौरान भगवान शिव की अलौकिक बारात और शिव-पार्वती विवाह प्रसंग का श्रवण कर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। कथा के समापन पर भगवान शिव की आरती उतारी गई, श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरित किया गया तथा भंडारे का आयोजन किया गया। इस अवसर पर शिमला व्यापार मंडल के पूर्व अध्यक्ष एवं कांग्रेस शहरी अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह, पार्षद उमंग बंगा, सनातन धर्म सभा के प्रचार मंत्री सुमन पाल दत्ता और महासचिव धर्मपाल पुरी सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे। संवाद