नगर परिषद जोगिंद्रनगर के रैन बसेरे में पात्र परिवारों को मिलेगा ठिकाना
शहरी क्षेत्र के सार्वजनिक स्थानों में रात बिताने वालों को तत्काल प्रभाव से शिफ्ट करने के निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
जोगिंद्रनगर (मंडी)। सर्द मौसम में खुले आसमान के नीचे किसी भी निराश्रित की रात न कटे। इसके लिए स्थानीय प्रशासन और नगर परिषद ने योजना का प्रारूप तैयार कर ऐसे पात्र परिवारों को नगर परिषद के रैन बसेरे में स्थायी ठिकाना दिलाने का निर्णय लिया है, जो शहरी क्षेत्र के सार्वजनिक स्थलों में कड़ाके की ठंड के बीच फर्श पर रात गुजारने को मजबूर होते हैं।
पुलिस और स्थानीय लोग भी समन्वय स्थापित कर ऐसे लोगों को रैन बसेरे में शरण दिलाने को लेकर अपनी भूमिका निभाएंगे। नगर परिषद के जिम्मेदार नागरिकों ने नवंबर माह में ही इस अभियान के तहत पात्र परिवारों को रात काटने के लिए जिम्मेवारियां भी सौंप दी हैं।
रविवार को नगर परिषद जोगेंद्रनगर के कार्यकारी अधिकारी आदित्य चौहान ने बताया कि सार्वजनिक स्थानों में व्यापक प्रचार प्रसार करते हुए निराश्रित बुजुर्गों, यात्रियों, असहाय, कमजोर और निर्धन परिवार के व्यक्तियों को रामलीला मैदान में स्थापित रैन बसेरे में रात्री शरण निशुल्क दिलाई जाएगी। स्थानीय पुलिस और होमगार्ड से भी रात के समय खुले आसमान के नीचे रात बिताने को मजबूर हो चुके लोगों को रैन बसेरे में शिफ्ट करने के लिए सहयोग मांगा जाएगा। बताया कि नवंबर दिसंबर माह में शीत लहर को देखते हुए रैन बसेरे में भी बिस्तरों की अतिरिक्त व्यवस्था कर दी गई है। ऐसे में कोई भी खुले आसमान के नीचे रात काटता हुआ पाया जाता है तो इसकी जानकारी नगर परिषद से साझा की जाए, ताकि पात्र परिवारों को नगर परिषद के रैन बसेरे में रात गुजारने की सुविधा का लाभ मिल सके। उन्होंने बताया कि रैन बसेरे के दो मंजिला भवन में 15 से बीस लोगों को रात काटने के लिए बिस्तर सुविधा के अलावा शौचालय की सुविधा भी मौजूद रहेगी।
शहरी क्षेत्र में सर्द मौसम में निराश्रितों को खुले आसमान के नीचे रात काटने के लिए मजबूर न होना पड़े इसलिए रामलीला मैदान में दो मंजिला रैन बसेरे का निर्माण नगर परिषद के द्वारा किया गया है। जहां पर पात्र परिवारों को निशुल्क रात्रि ठहराव की सुविधा का लाभ मिलेगा। स्नानागार और शौचालय की सुविधा भी निशुल्क उपलब्ध रहेगी।
अजय धरवाल, उपाध्यक्ष नगर परिषद जोगेंद्रनगर
फोटो-नगर परिषद जोगेंद्रनगर के रामलीला मैदान में बना रैन बसेरा और अंदर मौजूद बिस्तर सुविधाएं।