स्वास्थ्य मंत्री के आदेशों के बाद जांच हुई तेज, आईजीएमसी से ऑपरेशन के बाद महिला को केएचएच किया था शिफ्ट
विज्ञापन
मंत्री ने एक सप्ताह भीतर रिपोर्ट देने के दिए आदेश अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज से गायनी के ऑपरेशन के बाद कमला नेहरू अस्पताल रेफर की महिला के रास्ते में टांके खुलने के मामले में स्वास्थ्य मंत्री के आदेशों के बाद जांच तेज हो गई है। इस मामले में गायनी के विभागाध्यक्ष से जवाब मांगा गया है। साथ ही गहनता से जांच करने के लिए कहा है।
ऑपरेशन के दौरान कोताही किस स्तर पर हुई है इसके बारे में बताना होगा। जांच पूरी होने के बाद आईजीएमसी प्रिंसिपल एक सप्ताह में स्वास्थ्य मंत्री को रिपोर्ट सौंपेगी। अमर उजाला ने 25 अप्रैल के अंक में इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया था। इसके बाद स्वास्थ्य मंत्री ने मामले में संज्ञान लिया था और आईजीएमसी प्रिंसिपल के साथ फोन के माध्यम से बात भी की। वहीं स्वास्थ्य विभाग की ओर से भी इस मामले को लेकर आईजीएमसी प्रिंसिपल को ई-मेल भेजी है।
गौरतलब है कि कमला नेहरू अस्पताल से गायनी ओपीडी को इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज में शिफ्ट किया है। 16 अप्रैल से ऑपरेशन भी किए जा रहे हैं, लेकिन ऑपरेशन के बाद होने वाली केयर को लेकर महिलाओं को केएनएच भेज देते हैं। ऐसे में महिलाओं की जान पर भी बन आती है। आईजीएमसी में हाल ही में हुए महिला के ऑपरेशन के बाद केएनएच शिफ्ट किया था। महिला के परिजनों ने आरोप लगाया था कि शिफ्ट के दौरान पाइप और टांके खुल गए। महिला दर्द से कराहते हुए कमला नेहरू अस्पताल पहुंची। इस दौरान महिला का काफी रक्त बह गया था।
कोट
इस मामले को लेकर गायनी विभागाध्यक्ष से जवाब मांगा गया है। इसके बाद ही पता असल स्थिति का पता चल सकेगा।